क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ कर दिया है कि IPL में खेलना है या नहीं, इसका फैसला खिलाड़ी खुद करेंगे। बोर्ड ने यह भी कहा है कि वो खिलाड़ियों के किसी भी फैसले का समर्थन करेगा। IPL 2025 के शेष मैच 17 मई से 3 जून के बीच आयोजित किए जाएंगे।
IPL 2025 के रीशेड्यूल होते ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसकी बड़ी वजह है उनका दोबारा भारत आने को लेकर हिचकिचाना। अब उनके पास दो ही विकल्प बचे हैं – या तो वे IPL में आगे खेलें या फिर संभावित बैन के लिए तैयार रहें। हालांकि, बैन लगेगा या नहीं, इसका अंतिम फैसला BCCI को लेना है। फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले से किनारा कर लिया है और फैसला खिलाड़ियों पर छोड़ दिया है। साथ ही जो खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारियों का बहाना बना रहे हैं, उन्हें इस पर ज्यादा जोर देने से भी मना किया गया है।
IPL 2025 का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 9 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के चलते टूर्नामेंट पर ब्रेक लग गया था, लेकिन अब यह लीग 17 मई से दोबारा शुरू होगी। ग्रुप स्टेज के 13 मुकाबले अभी बाकी हैं, जिसके बाद क्वालिफायर, एलिमिनेटर और फाइनल मैच खेले जाएंगे। पहले फाइनल 25 मई को होना था, लेकिन अब इसकी तारीख बढ़ाकर 3 जून कर दी गई है – और यही बदलाव ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए चिंता का कारण बन गया है।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की चिंता की बड़ी वजह WTC फाइनल है, जो 11 जून से इंग्लैंड के लॉर्ड्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा। IPL 2025 में हिस्सा ले रहे कई खिलाड़ी उस टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, जो फाइनल खेलेगी। अगर वे IPL के फाइनल तक खेलते हैं, तो WTC फाइनल की तैयारी के लिए उनके पास बहुत कम वक्त बचेगा। उनकी चिंता सिर्फ तैयारी की नहीं है, बल्कि भारत में सुरक्षा को लेकर भी है। भारत-पाक तनाव के चलते जो हालात उन्होंने IPL के दौरान देखे और जिन वजहों से उन्हें अपने देश लौटना पड़ा, उसका असर अभी भी उनके मन में है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जिम्मेदारी खिलाड़ियों पर डाली, WTC की दलील अब बेअसर!
ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने IPL को लेकर खिलाड़ियों की चिंताओं से किनारा कर लिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ कह दिया है कि IPL में खेलना है या नहीं, इसका फैसला पूरी तरह खिलाड़ियों को करना होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि WTC फाइनल की तैयारियों को लेकर ज्यादा चिंता की जरूरत नहीं है—अगर खिलाड़ी IPL में खेलने का फैसला करते हैं तो टीम मैनेजमेंट उनकी WTC फाइनल की तैयारी में मदद करेगा।
जहां तक सुरक्षा का सवाल है, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि वे इस मुद्दे पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार और BCCI के साथ लगातार संपर्क में हैं।
IPL 2025 में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी:
-
चेन्नई सुपर किंग्स: नाथन एलिस
-
दिल्ली कैपिटल्स: मिचेल स्टार्क, जैक फ्रेजर
-
कोलकाता नाइट राइडर्स: स्पेन्सर जॉनसन
-
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श
-
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जोश हेजलवुड, टिम डेविड
-
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, एडम जंपा (बाहर)
-
पंजाब किंग्स: मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल (बाहर), मिच ओवन (अब तक शामिल नहीं), जोस इंग्लिस, आरोन हार्डी, जेवियर बार्टलेट
अब सवाल है कि इन खिलाड़ियों का अगला कदम क्या होगा? खासकर उनके लिए फैसला लेना मुश्किल होगा जो WTC फाइनल में खेलने जा रहे हैं। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह खिलाड़ियों के किसी भी फैसले का समर्थन करेगा।
गौरतलब है कि IPL के नए नियमों के तहत अगर कोई विदेशी खिलाड़ी खेलने से मना करता है, तो उसे दो साल तक लीग से प्रतिबंधित किया जा सकता है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक इस नियम का पहला उदाहरण बन चुके हैं।