Monsoon Stomach Infection: मानसून में पेट के संक्रमण से बचने के लिए जानें डॉक्टरों के आसान टिप्स। दूषित पानी, खराब भोजन और बैक्टीरिया से बचाव के उपाय अपनाकर पेट को स्वस्थ रखें।
Monsoon Stomach Infection: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं इस दौरान कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। मानसून में पेट से जुड़ी बीमारियां जैसे उल्टी, दस्त, फूड पॉइजनिंग, गैस्ट्रोएन्टराइटिस, टाइफाइड और हेपेटाइटिस ए के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, मानसून में पेट के संक्रमण का सबसे बड़ा कारण दूषित पानी, खराब भोजन और बैक्टीरिया-वायरस का तेजी से बढ़ना है। बारिश के दौरान नमी बढ़ने से खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो सकती हैं। ऐसे में कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर पेट के इंफेक्शन से बचा जा सकता है।
पीने के पानी की शुद्धता का रखें ध्यान
मानसून के दौरान पेट के ज्यादातर संक्रमण दूषित पानी के कारण होते हैं। भारी बारिश में सीवर का पानी पीने के स्रोतों तक पहुंच सकता है, जिससे पानी में हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
डॉक्टरों की सलाह है कि बारिश के मौसम में हमेशा उबला हुआ, फिल्टर किया हुआ या सुरक्षित पैक्ड पानी ही पिएं। अगर पानी की गुणवत्ता को लेकर कोई संदेह हो तो वाटर प्यूरीफायर या क्लोरीनेशन टैबलेट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके अलावा बाहर का पानी और खुले में मिलने वाले ड्रिंक पीने से बचना चाहिए। सफर के दौरान अपना पानी साथ रखना बेहतर विकल्प हो सकता है।
घर का ताजा खाना खाएं
मानसून में लंबे समय तक रखा हुआ खाना खाने से बचना चाहिए। नमी वाले मौसम में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं, जिससे भोजन दूषित हो सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, बारिश के मौसम में घर का बना ताजा भोजन सबसे सुरक्षित रहता है। सड़क किनारे बिकने वाले खुले खाद्य पदार्थ, पहले से कटे फल और लंबे समय से खुले में रखे स्नैक्स खाने से बचना चाहिए।
also read: How To Clear Stomach In Morning: सुबह पेट साफ नहीं होता…
फल और सब्जियों को अच्छी तरह साफ करें
मानसून में फल और सब्जियों की सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इनके ऊपर मिट्टी, कीटनाशक और सूक्ष्म जीव मौजूद हो सकते हैं, जो स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
फल और सब्जियों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह धोना चाहिए। जरूरत पड़ने पर इन्हें कुछ समय के लिए साफ पानी या सिरके मिले पानी में भिगोकर भी साफ किया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे स्प्राउट्स और पहले से कटे हुए फलों के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें बैक्टीरिया बढ़ने की संभावना ज्यादा होती है।
हाथ धोने की आदत रखें
पेट के संक्रमण से बचने के लिए हाथों की साफ-सफाई सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। खाना बनाने से पहले, भोजन करने से पहले, टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद और बाहर से आने पर साबुन से हाथ जरूर धोने चाहिए। यह छोटी सी आदत कई तरह के संक्रमण से बचाने में मदद कर सकती है।
संक्रमण होने पर इन बातों का रखें ध्यान
अगर मानसून में उल्टी या दस्त की समस्या हो जाए तो शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लें और हल्का भोजन करें। अगर तेज बुखार, खून वाली उल्टी, लगातार दस्त या कई दिनों तक आराम न मिलने जैसी स्थिति हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। मानसून में थोड़ी सावधानी और साफ-सफाई की आदत अपनाकर पेट से जुड़े संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।