Home Remedies for Lizards: गर्मियों के मौसम में घरों में छिपकलियों की समस्या आम हो जाती है। खासकर किचन, बाथरूम और दीवारों के कोनों में इनका दिखाई देना लोगों को परेशान कर देता है। हालांकि छिपकलियां इंसानों से डरती हैं, लेकिन भोजन और कीड़ों की तलाश में ये घरों में आसानी से पहुंच जाती हैं। गंदगी, नमी और रोशनी वाले स्थान इनके लिए अनुकूल होते हैं। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इन्हें बिना नुकसान पहुंचाए घर से दूर किया जा सकता है।
दीवार के कोनों पर कौन सा स्प्रे करें
सबसे पहले काली मिर्च का स्प्रे छिपकलियों को दूर भगाने में काफी असरदार माना जाता है। एक गिलास पानी में एक चम्मच काली मिर्च पाउडर मिलाकर इसे स्प्रे बोतल में भर लें और इसे किचन, दीवार के कोनों और उन जगहों पर छिड़कें जहां छिपकलियां ज्यादा दिखाई देती हैं। इसकी तेज गंध उन्हें दूर रखती है।
इसके अलावा प्याज और लहसुन का स्प्रे भी काफी प्रभावी होता है। एक प्याज और 4-5 लहसुन की कलियों का रस निकालकर पानी में मिलाएं और स्प्रे बोतल में भरकर प्रभावित जगहों पर छिड़काव करें। इस उपाय को सप्ताह में 2-3 बार करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं।
also read: Mouthwash Side Effects: माउथवॉश का ज्यादा इस्तेमाल बढ़ा…
कपूर और डिटॉल का मिश्रण भी छिपकलियों को भगाने में मदद करता है। एक बोतल पानी में 2-3 कपूर की गोलियां पीसकर और 2-3 ढक्कन डिटॉल मिलाकर तैयार किया गया घोल दरवाजों, अलमारी के पीछे और दीवार के कोनों में छिड़कने से छिपकलियां दूर रहती हैं।
अन्य घरेलू उपाय
नेफ्थलीन बॉल्स का उपयोग भी एक पुराना और प्रभावी तरीका है। इनकी तेज गंध से छिपकलियां दूर रहती हैं, इसलिए इन्हें अलमारी, सिंक के नीचे और कोनों में रखा जा सकता है।
अंडे के छिलकों का इस्तेमाल भी एक आसान घरेलू ट्रिक है। माना जाता है कि छिपकलियां इन्हें देखकर डरती हैं, इसलिए इन्हें खिड़कियों या दीवार के कोनों के पास रखने से फायदा मिलता है।
घर में अपनाएं ये सावधानियां
घर में रात के समय अनावश्यक लाइट जलाकर न रखें, क्योंकि रोशनी कीड़ों को आकर्षित करती है और इसके कारण छिपकलियां भी आती हैं। घर के कोनों, किचन और अलमारी की नियमित सफाई रखें। इसके साथ ही नमी और गंदगी से बचना जरूरी है, क्योंकि यही छिपकलियों को आकर्षित करने का मुख्य कारण होते हैं।