SRH vs KKR : सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन की शुरुआत 286 रन बनाकर और धमाकेदार जीत के साथ की थी, और उन्होंने अंत भी उसी अंदाज में किया। दूसरी ओर, गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने जहां सीजन की शुरुआत करारी हार से की थी, वहीं उसका समापन भी उसी निराशाजनक अंदाज में हुआ।
SRH vs KKR : सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स से पिछली कई हार का हिसाब चुकता कर दिया। आईपीएल 2025 का सीजन दोनों टीमों के लिए बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि दोनों ही समय से पहले प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई थीं। लेकिन सीजन के अंतिम मुकाबले में सनराइजर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पिछले सीजन की चैंपियन कोलकाता को 110 रनों से करारी मात दी। इस जीत के साथ सनराइजर्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और 13 अंकों के साथ अंकतालिका में छठे स्थान पर अपना सफर समाप्त किया। वहीं कोलकाता 12 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रही।
जैसी शुरुआत, वैसा अंत
सीजन की शुरुआत और समापन दोनों ही टीमों के लिए लगभग एक जैसे ही रहे। कोलकाता को अपने पहले मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा था और आखिरी मुकाबले में भी वह कोई बदलाव नहीं ला सकी। दूसरी ओर, सनराइजर्स ने सीजन के पहले मैच में 286 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसमें ईशान किशन का शानदार शतक शामिल था। अब अंतिम मैच में भी टीम ने 278 रन का बड़ा स्कोर बनाया, इस बार हेनरिक क्लासेन के तूफानी शतक की बदौलत, और एक और जबरदस्त जीत दर्ज की।
क्लासेन और हेड ने मचाया कोहराम
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा (32) ने मिलकर सिर्फ 7 ओवर में 92 रन की तेज साझेदारी कर डाली। इसके बाद हेड (76 रन, 40 गेंद) और हेनरिक क्लासेन ने कोलकाता के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों ने मिलकर 83 रन जोड़े और 13वें ओवर तक स्कोर 175 तक पहुंचा दिया। इसके बाद क्लासेन का बल्ला पूरी तरह से गरज उठा—उन्होंने महज 17 गेंदों में अर्धशतक और 37 गेंदों में शतक ठोक डाला। क्लासेन ने 39 गेंदों में 105 रन की विस्फोटक पारी खेली। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 278 रन बना डाले, जो आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
कोलकाता की बल्लेबाजी रही नाकाम
कोलकाता नाइट राइडर्स ने तेज शुरुआत की कोशिश जरूर की, और सुनील नरेन (31) ने कुछ शानदार शॉट्स भी खेले। लेकिन उनके चौथे ओवर में आउट होते ही टीम की पारी बिखरने लगी। कोलकाता का टॉप और मिडिल ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप रहा। जयदेव उनादकट, इशान मलिंगा और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट लेकर पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया। आख़िर में मनीष पांडे (37) और हर्षित राणा (34) ने तेजी से रन बनाए और हार का अंतर थोड़ा कम किया। फिर भी पूरी टीम 18.4 ओवर में सिर्फ 168 रन पर सिमट गई।