Bumble Dating App: Bumble ने डेटिंग नियम बदला है। अब मैच के बाद कोई भी पहला मैसेज भेज सकेगा और जवाब देने की समय सीमा 24 से बढ़कर 72 घंटे हो गई है।
Bumble Dating App: डेटिंग ऐप Bumble ने अपने सबसे चर्चित नियम में बड़ा बदलाव किया है। अब मैच होने के बाद बातचीत शुरू करने की जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी। पुरुष और महिला, दोनों में से कोई भी सबसे पहले मैसेज भेज सकता है। इसके साथ ही जवाब देने की समय सीमा भी 24 घंटे से बढ़ाकर 72 घंटे कर दी गई है।
Bumble का बदला पुराना नियम
Bumble ने 2014 में लॉन्च होने के बाद एक खास नियम के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। हेट्रोसेक्सुअल मैच में बातचीत की शुरुआत सिर्फ महिला कर सकती थी। कंपनी का उद्देश्य महिलाओं को डेटिंग में ज्यादा नियंत्रण देना और अनचाहे मैसेज से उन्हें बचाना था।
अब Bumble ने इस नियम को बदलते हुए दोनों यूजर्स को बातचीत शुरू करने की अनुमति दी है। यानी मैच होने के बाद पुरुष और महिला, दोनों में से कोई भी पहला मैसेज भेज सकता है।
कनाडा में हुई थी नए फीचर की टेस्टिंग
कंपनी के मुताबिक, इस बदलाव को कनाडा में पहले टेस्ट किया गया था। टेस्टिंग के दौरान चैट शुरू होने की दर में बढ़ोतरी देखने को मिली। इसके अलावा पहले की तुलना में कम मैच एक्सपायर हुए और दोनों तरफ से ज्यादा बातचीत हुई। कंपनी का मानना है कि इस बदलाव से यूजर्स को बातचीत शुरू करने में ज्यादा आजादी और सुविधा मिलेगी।
also read: Grok Imagine Image 2.0 लॉन्च, अब फोटो के किसी भी हिस्से…
24 घंटे की जगह अब 72 घंटे का समय
Bumble ने सिर्फ पहला मैसेज भेजने के नियम में बदलाव नहीं किया है। मैच के बाद जवाब देने की समय सीमा को भी बढ़ा दिया गया है। पहले यूजर्स के पास जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय होता था। अब यह अवधि बढ़ाकर 72 घंटे कर दी गई है। इसका मकसद ऐसे मैचों की संख्या कम करना है जो बातचीत शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाते हैं।
यूजर्स को कम दबाव और ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी
Bumble की फाउंडर और CEO Whitney Wolfe Herd के मुताबिक, यूजर्स डेटिंग के दौरान ज्यादा लचीलापन और कम दबाव चाहते हैं। कंपनी का कहना है कि नए बदलाव लोगों को बेहतर तरीके से जुड़ने और वास्तविक कनेक्शन बनाने के ज्यादा अवसर दे सकते हैं।
डेटिंग ऐप्स के सामने बढ़ती चुनौती
Bumble का यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब डेटिंग ऐप इंडस्ट्री यूजर एंगेजमेंट से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। कई यूजर्स लंबे समय से स्वाइप-बेस्ड डेटिंग मॉडल से थकान महसूस कर रहे हैं।
इसी वजह से Bumble समेत दूसरी बड़ी डेटिंग कंपनियां नए फीचर्स और AI आधारित टूल्स के जरिए यूजर्स की दिलचस्पी बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं। नए बदलाव के बाद अब देखना होगा कि Bumble का यह कदम यूजर्स के अनुभव और ऐप पर होने वाली बातचीत को कितना प्रभावित करता है।