मेंटल स्ट्रेस और मानसिक तनाव को कम करने के आसान और असरदार तरीके जानें। ब्रीदिंग टेक्निक, मेडिटेशन, माइंडफुल वॉक और क्रिएटिव एक्टिविटी से तनाव को तुरंत कम करें और मानसिक शांति पाएं।
आज के तेज और व्यस्त जीवन में मेंटल स्ट्रेस यानी मानसिक तनाव आम समस्या बन गया है। काम का दबाव, पढ़ाई, घर की जिम्मेदारियां और बदलती लाइफस्टाइल हमारे दिमाग को थका देती हैं। अगर इसे समय पर नियंत्रित न किया जाए तो यह एंग्जायटी, डिप्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। लेकिन कुछ आसान तरीके अपनाकर आप अपने दिमाग को शांत कर सकते हैं और स्ट्रेस से राहत पा सकते हैं।
ब्रीदिंग टेक्निक से तुरंत राहत
सांस लेने की तकनीक स्ट्रेस कम करने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। 4-7-8 ब्रीदिंग टेक्निक अपनाएं। इसके लिए 4 सेकंड तक नाक से गहरी सांस लें, फिर 7 सेकंड तक सांस को रोकें और 8 सेकंड तक धीरे-धीरे मुंह से छोड़ें। इसे 3 से 5 बार दोहराने से शरीर और दिमाग दोनों तुरंत रिलैक्स महसूस करते हैं।
प्रोग्रेसिव मसल्स रिलैक्सेशन
जब शरीर में तनाव महसूस हो तो प्रोग्रेसिव मसल्स रिलैक्सेशन तकनीक अपनाएं। इसके लिए किसी शांत जगह पर बैठकर पैरों से शुरू करके मांसपेशियों को कसें और धीरे-धीरे छोड़ें। फिर जांघ, पेट, कंधे और गर्दन तक जाएँ। यह तरीका शरीर और दिमाग को स्ट्रेस फ्री करता है और मानसिक शांति प्रदान करता है।
also read: Heart Attack: दिल का दौरा पड़ने पर बाएं हाथ में दर्द…
माइंडफुलनेस मेडिटेशन
5-10 मिनट का माइंडफुलनेस मेडिटेशन पूरे दिन का स्ट्रेस कम कर सकता है। शांत जगह पर बैठें, आंखें बंद करें और अपनी सांसों पर ध्यान दें। मन में आने वाले विचारों को जज न करें, बस आने-जाने दें। यह तकनीक आपको वर्तमान में जोड़ती है और नेगेटिव थॉट्स को दूर करती है।
खुद को गले लगाएं
तनाव के समय खुद को गले लगाना एक आसान और असरदार तरीका है। दोनों हाथों से धीरे-धीरे अपने शरीर को कसकर पकड़ें और कुछ सेकेंड तक इस स्थिति में रहें। यह शरीर में ऑक्सीटोसिन हार्मोन रिलीज करता है, जो मूड को बेहतर बनाता है और सुरक्षा का अहसास दिलाता है।
डूडलिंग और क्रिएटिव एक्टिविटी
क्रिएटिव एक्टिविटी दिमाग को स्ट्रेस से हटाकर पॉजिटिव फोकस देती है। आप कागज पर ड्रॉइंग बनाएं, कलर भरें, अपने विचार लिखें या गार्डनिंग करें। इससे दिमाग हल्का महसूस करता है और मानसिक तनाव कम होता है।
माइंडफुल वॉक और म्यूजिक थेरेपी
सिर्फ 10 मिनट की वॉक भी आपके मूड को बदल सकती है। वॉक करते समय अपने कदमों की आवाज़, हवा की ठंडक और सांस की लय पर ध्यान दें। साथ ही, अपने पसंदीदा गाने या नेचर साउंड सुनें। संगीत नर्वस सिस्टम को शांत करता है और स्ट्रेस हार्मोन को कम करता है।