यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में किसानों के लिए बड़ी योजना और यूपी को फार्मा हब बनाने का ऐलान किया। नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कदम और स्पेस टेक्नोलॉजी से कृषि सुरक्षा सुनिश्चित।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए बड़ी योजना का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि यूपी जल्द ही फार्मा हब बनने जा रहा है और राज्य अपना सैटेलाइट लॉन्च करने की भी योजना पर काम कर रहा है। सीएम ने कहा कि भविष्य में किसान मानसून की पूर्व सूचना और आकाशीय बिजली गिरने की जानकारी समय रहते प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनकी सुरक्षा और फसलों की रक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्पेस टेक्नोलॉजी के माध्यम से जमीन की एक-एक इंच तक सटीक माप उपलब्ध होगी, जिससे अवैध कब्जा और माइनिंग पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इससे अवैध माइनिंग और तस्करी जैसी गतिविधियों की जानकारी भी तुरंत मिल सकेगी, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का विकास
योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी में बनने वाले ड्रोन और स्पेस टेक्नोलॉजी का बड़ा महत्व होगा। हाल ही में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में इसरो के चेयरमैन भी आए थे और सरकार उनके साथ मिलकर काम कर रही है।
नकली दवाओं के खिलाफ बड़ा अभियान, फेडरेशन के साथ सरकार
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा दवा उपभोक्ता बाजार है, जहां 1.10 लाख पंजीकृत दवा दुकानें हैं और लाखों लोग इससे जुड़े हैं। उन्होंने नकली दवाओं के खिलाफ जनजागरण अभियान की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि दवा कारोबारियों को अपनी ईमानदारी बनाए रखनी होगी। उन्होंने फेडरेशन से अपील की कि नकली दवाओं और नारकोटिक्स की अवैध बिक्री के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाए।
सरकार ने आगरा और अन्य जगहों पर नकली दवाओं और अवैध नारकोटिक्स कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। योगी सरकार ईमानदार दवा कारोबारियों को हर संभव संरक्षण देगी और उनके व्यवसाय को सरल और सुगम बनाने का प्रयास करेगी।
also read: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025: जिलाधिकारी ने तैयारियों की…
यूपी को भारत का फार्मा हब बनाएंगे
सीएम ने कहा कि यूपी को फार्मा हब बनाने के लिए सरकार ने पूर्व औषधि महानियंत्रक डॉ. जीएन सिंह को फार्मा एडवाइजर नियुक्त किया है। ललितपुर में एक बड़ा फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां दवाओं का उत्पादन होगा। इससे न केवल सस्ती दवाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि दवाओं का एक्सपोर्ट भी होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज का दौर शुरू
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की चर्चा होती थी, लेकिन अब यह पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 8 वर्षों में 41 नए मेडिकल कॉलेज और 2 एम्स की स्थापना की गई है। यूपी अब केवल अपनी आबादी ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों की भी स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा कर रहा है।
जीएसटी सुधारों से व्यापारी और उपभोक्ता दोनों लाभान्वित
सीएम ने पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जीएसटी परिषद द्वारा दवाओं पर कर दरों में छूट देने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नए जीएसटी सुधार उपभोक्ता और व्यापारी दोनों के हित में हैं, जिससे बाजार मजबूत होगा और आम जनता को लाभ मिलेगा।
केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन का समर्थन
कार्यक्रम में केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संदीप चतुर्वेदी ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में दवा कारोबारियों को उत्पीड़न से राहत मिली है। फेडरेशन नशामुक्ति और नकली दवाओं के खिलाफ सरकार के हर निर्णय के साथ है।
कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य सुरक्षा, औषधि प्रशासन एवं आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और फेडरेशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।