उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 12,000 पदों पर भर्ती की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 178 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र दिए। भर्ती कैलेंडर जल्द जारी होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न विभागों में अगले एक साल में 12,000 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के लिए एक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही जारी किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक एवं संख्या विभाग के 117, कृषि विभाग के 12, उद्यान विभाग के 30 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि सहायक सांख्यिकी अधिकारी को सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रभाव का मूल्यांकन करने और समय पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए तथ्यपरक फीडबैक देने का कार्य सौंपा गया है।
also read: नैनीताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मॉर्निंग वॉक,…
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 26,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए गए हैं, जो कि राज्य के गठन के बाद की पिछली सरकारों की तुलना में दोगुना से भी अधिक हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, नई स्टार्टअप एवं उद्यमिता नीति, पर्यटन नीति, कृषि व फल उत्पादन और होम-स्टे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के बड़े अवसर पैदा हुए हैं। इन प्रयासों के चलते प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन के आंकड़ों में भी महत्वपूर्ण वृद्धि देखी गई है।
इस कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर, 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम और सचिव एसएन. पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
