PM Modi Assam Visit: खराब मौसम के कारण कोकराझार दौरा रद्द, गुवाहाटी में विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन; पीएम-किसान योजना और नई ट्रेनों का भी शुभारंभ।
PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंच गए हैं। हालांकि, खराब मौसम के कारण उनका कोकराझार दौरा रद्द कर दिया गया है। अब प्रधानमंत्री वहां की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन वर्चुअली करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन अधिकारियों के अनुसार इलाके में मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। इसके बावजूद, प्रधानमंत्री गुवाहाटी में विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राज्य में कुल ₹47,600 करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें ‘असम माला 3.0’ योजना की शुरुआत शामिल है, जिसके तहत 900 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण होगा और राज्यों के बीच संपर्क मजबूत होगा। बोडोलैंड क्षेत्र में चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला भी प्रधानमंत्री रखेंगे।
also read: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कृषि-खाद्य प्रणालियों में…
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के लिए बाशबारी में नई वर्कशॉप की नींव रखी जाएगी। इसके अलावा, तीन नई ट्रेनों- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। किसानों के लिए पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी की जाएगी, जिससे देश के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा।
गुवाहाटी में प्रधानमंत्री चाय बागान के मजदूरों को जमीन के पट्टे सौंपेंगे, जो उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। ऊर्जा क्षेत्र में कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन भी किया जाएगा। शनिवार को कामाख्या मंदिर रोपवे परियोजना की नींव रखी जाएगी और पीएम एकता मॉल का उद्घाटन गुवाहाटी में होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री सिलचर के लिए रवाना होंगे, जहां ₹23,550 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत होगी।
यह दौरा विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का असम में चौथा यात्रा है, जो राज्य में विकास और जनता की भलाई को लेकर अहम माना जा रहा है।