हालांकि मुस्तफिजुर रहमान के IPL 2025 में खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है, लेकिन अगर वो टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं तो उन्हें ऋषभ पंत से भी ज्यादा रकम मिल सकती है। ये कैसे मुमकिन है,
ऋषभ पंत न सिर्फ IPL 2025, बल्कि पूरे IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दिल्ली कैपिटल्स ने जिन मुस्तफिजुर रहमान को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है, उन्हें IPL 2025 में पंत से भी ज्यादा भुगतान मिल सकता है? ऐसे में सवाल उठता है—क्या मुस्तफिजुर रहमान IPL के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने जा रहे हैं? और दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें आखिर कितनी रकम में साइन किया है? भले ही उनके खेलने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है,
दिल्ली कैपिटल्स ने मुस्तफिजुर रहमान को जैक फ्रेजर की जगह टीम में शामिल किया है। फ्रेजर को टीम ने 9 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि मुस्तफिजुर को साइन करने के लिए फ्रेंचाइज़ी ने 6 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अब सवाल उठता है कि जब पंत की कीमत 27 करोड़ है, तो मुस्तफिजुर 6 करोड़ में उनसे कैसे महंगे हो सकते हैं? इसका जवाब है—यह तुलना हर मैच के हिसाब से मिलने वाली रकम के आधार पर की जा रही है।
मुस्तफिजुर रहमान को ऋषभ पंत से ज्यादा पैसे मिलेंगे?
IPL 2025 के ग्रुप स्टेज में हर टीम को 14-14 मैच खेलने हैं, इसके बाद प्लेऑफ होगा, लेकिन प्लेऑफ में कौन-कौन पहुंचेगा यह अभी साफ नहीं है। मुस्तफिजुर की टीम दिल्ली कैपिटल्स और पंत की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों प्लेऑफ तक पहुंचेंगी या नहीं, कहना मुश्किल है। लेकिन इतना तय है कि ग्रुप स्टेज के 14 मैच दोनों टीमें जरूर खेलेंगी।
अगर इसे मैच की कीमत के हिसाब से देखें तो 27 करोड़ रुपये में बिके ऋषभ पंत को हर मैच खेलने पर करीब 1.9 करोड़ रुपये मिलते हैं। वहीं, 6 करोड़ रुपये में खरीदे गए मुस्तफिजुर रहमान को हर मैच के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये मिलेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के ग्रुप स्टेज में अब सिर्फ 3 मैच बाकी हैं।
मुस्तफिजुर रहमान के IPL 2025 में खेलने को लेकर सस्पेंस
हालांकि, यह सब तभी संभव होगा जब मुस्तफिजुर IPL 2025 में खेलेंगे। फिलहाल उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। यह सस्पेंस तब और बढ़ गया जब उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद UAE के लिए रवाना होने की जानकारी दी।
इसके अलावा ऐसी खबरें भी हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान को NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं दिया है। इसका कारण यह है कि बांग्लादेश टीम को 17 और 19 मई को UAE में दो T20 मैच खेलने हैं, इसके बाद 25 मई से पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज भी शुरू हो रही है।