Shubman Gill की कप्तानी और बल्लेबाज़ी इस वक्त क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने अब तक दो शतक और एक दोहरा शतक जड़ते हुए कमाल कर दिया है। लेकिन इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बुचर ने उनके नेतृत्व को लेकर एक चौंकाने वाली टिप्पणी की है।
“अगर गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी होती…”
मार्क बुचर ने कहा कि अगर शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया होता, तो शायद वह कप्तान के तौर पर उनका आखिरी मैच साबित होता। कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने भी कहा कि Shubman Gill ने खुद स्वीकार किया था कि अगर टॉस जीतते तो वह पहले फील्डिंग का विकल्प चुनते। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बुचर ने कहा कि अगर ऐसा होता, तो उन्हें कप्तानी से हटा दिया जाता।
गिल की बल्लेबाज़ी से पलटा पूरा मुकाबला
लीड्स टेस्ट में हार के बाद गिल पर प्रदर्शन का दबाव था, लेकिन उन्होंने एजबेस्टन में अपनी शानदार पारी से सभी को चौंका दिया। भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 587 रन बनाए, जिसमें गिल ने 269 रनों की मैराथन पारी खेली। यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, राहुल और पंत ने भी अहम योगदान दिया।
दूसरी पारी में भी भारत ने मजबूत बल्लेबाज़ी करते हुए 427 रन बनाकर पारी घोषित की, इस बार भी गिल के बल्ले से 161 रन निकले। इंग्लैंड को 608 रनों का लक्ष्य दिया गया, लेकिन आकाश दीप और मोहम्मद सिराज की धारदार गेंदबाज़ी के सामने वे 271 रनों पर ढेर हो गए। भारत ने यह मैच 336 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया।
कप्तानी पर उठे सवाल, लेकिन जवाब गिल ने बल्ले से दिया
भले ही गिल की रणनीति पर सवाल खड़े हुए हों, लेकिन उन्होंने अपने फैसलों और दमदार प्रदर्शन से सभी आलोचनाओं को करारा जवाब दिया। आज जब टीम इंडिया इस टेस्ट सीरीज़ में शानदार बढ़त बनाए हुए है, तो गिल की कप्तानी को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।