बेंगलुरु भगदड़ घटना के चलते KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

बेंगलुरु भगदड़ घटना के चलते KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की विजय जुलूस के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। अब इस मामले में एक अहम अपडेट सामने आई है। घटना की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के सचिव और कोषाध्यक्ष ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विजय जुलूस के दौरान मची भगदड़ की घटना के बाद KSCA के सचिव ए. शंकर और कोषाध्यक्ष ई. जयराम ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। दोनों अधिकारियों ने अपना इस्तीफा KSCA अध्यक्ष रघुराम भट को सौंप दिया है।

गौरतलब है कि 3 जून को RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार IPL की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे बेंगलुरु में जश्न का माहौल था। 4 जून को जब टीम ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद से लौटी, तो शहर की सड़कों पर भारी संख्या में फैंस उमड़ पड़े। चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचने तक पहले से ही काफी भीड़ जमा हो चुकी थी। इसी दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।

KSCA अधिकारियों ने साझा किया संयुक्त बयान
KSCA सचिव ए. शंकर और कोषाध्यक्ष ई. जयराम ने एक संयुक्त बयान में बताया कि उन्होंने यह फैसला बेंगलुरु में हुई दुखद घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने इस्तीफे संघ अध्यक्ष रघुराम भट को सौंप दिए हैं। साथ ही दोनों ने स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी सीधी भूमिका बहुत सीमित थी।

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA से जुड़े सुनील मैथ्यू को भी हिरासत में लिया गया है।

हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका
इससे पहले KSCA अध्यक्ष रघुराम भट, सचिव ए. शंकर और कोषाध्यक्ष ई. जयराम ने कर्नाटक हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भीड़ को नियंत्रित करना उनकी जिम्मेदारी नहीं थी। उन्होंने विधान सभा में RCB की जीत के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के लिए ही अनुमति मांगी थी।

हालांकि विधानसभा परिसर में आयोजित सम्मान समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया, लेकिन एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हालात बिगड़ गए। RCB की ओर से सोशल मीडिया पर आमंत्रण दिए जाने के बाद बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर जमा हो गए। भीड़ बेकाबू होने के कारण विक्ट्री परेड को रद्द करना पड़ा, हालांकि स्टेडियम के भीतर का कार्यक्रम चलता रहा। इसी दौरान बाहर भगदड़ जैसी दुखद घटना घट गई।

Related posts

पंजाब किंग्स की शानदार जीत, मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया; डिकॉक का शतक गया बेकार

IPL 2026 Orange Cap Update: विराट कोहली ने ली बढ़त, RCB की जीत के बाद रजत पाटीदार भी रेस में; पर्पल कैप की स्थिति जानें

RCB vs LSG IPL 2026: बेंगलुरु और लखनऊ के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला, जानें कौन मार सकता है बाजी