CM Yogi ने कहा कि राज्य कर विभाग के प्रयासों के सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में जीएसटी के तहत पंजीकृत व्यापारियों की संख्या देश में सबसे ज्यादा है।
CM Yogi ने राज्य कर विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से संवाद स्थापित कर और टीम वर्क के जरिए राजस्व लक्ष्यों को प्राप्त किया जाए। CM Yogi ने जोर देते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से प्रदेश में जीएसटी/वैट संग्रह लगातार बढ़ रहा है और 2025-26 तक 1.75 लाख करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य को हासिल किया जाए।
समीक्षा बैठक में CM Yogi ने कहा कि राज्य कर विभाग के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में जीएसटी के तहत पंजीकृत व्यापारियों की संख्या देश में सबसे अधिक है। 2023-24 में सक्रिय पंजीकृत व्यापारियों की संख्या 17.2 लाख थी, जो अब बढ़कर 19.9 लाख हो गई है। पंजीकरण का दायरा और बढ़ाने के लिए सतत प्रयास किए जाएं और व्यापारियों से नियमित संवाद बनाए रखा जाए।
दुर्घटना में मौत पर व्यापारियों को 10 लाख की सहायता
CM Yogi ने कहा कि राज्य सरकार जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। दुर्घटना के कारण होने वाली मृत्यु या स्थायी अपंगता की स्थिति में आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। सरकार द्वारा पात्र व्यापारियों और उनके परिजनों को संवेदनशीलता के साथ 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
उच्च करदाता व्यापारियों को किया जाएगा सम्मानित
CM Yogi ने कहा कि राजस्व चोरी राष्ट्र की आर्थिक क्षति है, इसे रोकने के लिए सर्वेक्षण और छापेमारी करने वाली टीमों में कुशल और कर्मठ अधिकारियों को शामिल किया जाए। ऐसी कार्रवाई की सफलता के लिए गोपनीयता बनाए रखना आवश्यक है। इसके अलावा, सबसे अधिक कर अदा करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाए। यह सम्मान समारोह प्रदेश, जोन, मंडल और जनपद स्तर पर आयोजित किए जाएं। साथ ही, विभाग में पर्याप्त मैनपावर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।