मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने प्रदेशवासियों के नाम पत्र लिखा, उत्तर प्रदेश में विकास, कृषि, उद्योग और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की उपलब्धियों का किया जिक्र।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने राज्य में हुए व्यापक बदलाव, विकास की दिशा और भविष्य के संकल्प साझा किए। ‘योगी की पाती’ शीर्षक वाले इस पत्र में सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से निकालकर देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनाने की यात्रा का उल्लेख किया।
बीमारू से विकास की ओर उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र की शुरुआत प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश असीम संभावनाओं वाला प्रदेश है, जिसने संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए विकास की नई दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि कानून और सुशासन का राज स्थापित किया गया है और माफिया के भय का साम्राज्य समाप्त किया गया है। अब निवेशक लचर कानून व्यवस्था के भय के बिना प्रदेश में निवेश कर रहे हैं।
कृषि और उद्योग में अभूतपूर्व प्रगति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कृषि क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सुरक्षा की रीढ़ बन चुका है। ‘बीन से बाजार तक’ की व्यवस्था और रिकॉर्ड डीबीटी भुगतान ने अन्नदाताओं की आय में वृद्धि की है। इसके अलावा उद्योगों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, पलायन और बेरोजगारी की समस्याओं में कमी आई है। लेबर रिफॉर्म, डी-रेगुलेशन, एमएसएमई, कौशल विकास, स्टार्टअप और ओडीओपी जैसी पहल प्रदेश को लोकल से ग्लोबल बनाने में सहायक रही हैं।
also read: उत्तर प्रदेश बना ‘मॉडल स्टेट’, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से…
सांस्कृतिक पुनर्जागरण और महिला सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र में महिलाओं की श्रम भागीदारी में ऐतिहासिक वृद्धि का जिक्र किया। बेटियों के जन्म से विवाह तक आर्थिक सहायता, निराश्रित महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजन के लिए पेंशन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रदेश में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ-टेक की सेवाओं का विस्तार हुआ है। जल, थल और नभ कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या-काशी-मथुरा से संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है और त्योहारों में स्वदेशी का प्रभाव साफ दिखाई देता है।
गरीबी उन्मूलन और आर्थिक प्रगति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र में उल्लेख किया कि 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को ‘बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू’, ‘रेवेन्यू डेफिसिट से रेवेन्यू सरप्लस’ और ‘उपद्रव से उत्सव’ की दिशा में अग्रसर किया है।
उत्तर प्रदेश दिवस का जिक्र
पत्र के अंत में सीएम योगी ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा। यह दिन विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने और प्रदेशवासियों को प्रेरित करने का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।