केरल क्रिकेट लीग 2025 में ताबड़तोड़ बैटिंग का सिलसिला जारी है और इसमें दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज Vishnu Vinod का नाम सबसे ऊपर है। लीग के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी विष्णु ने सिर्फ 2 मैचों में ऐसा कमाल किया कि सबको पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि दोनों मैच उन्होंने लगातार दो दिनों में खेले और कुल 18 छक्के जड़ दिए। इसी तूफानी प्रदर्शन से उन्होंने KCL 2025 में 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
25 अगस्त – 86 रन की पारी
त्रिसुर टाइटंस के खिलाफ एरिज कोलम सेलर्स के लिए ओपनिंग करते हुए विष्णु ने 38 गेंदों पर 226.32 की स्ट्राइक रेट से 86 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 छक्के निकले। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत एरिज कोलम सेलर्स ने 145 रन का लक्ष्य महज 14.1 ओवर में 8 विकेट से हासिल कर लिया।
24 अगस्त – 94 रन की पारी
इससे एक दिन पहले 24 अगस्त को कोच्चि ब्लू टाइगर्स के खिलाफ भी विष्णु विनोद का बल्ला गरजा। उन्होंने 41 गेंदों पर 229.27 की स्ट्राइक रेट से 94 रन ठोके और 10 छक्के लगाए। हालांकि उनकी टीम यह मैच जीत नहीं सकी क्योंकि संजू सैमसन की शतकीय पारी भारी पड़ी।
बने 3 बड़े रिकॉर्ड
सिर्फ 2 दिन और 2 मैचों में 18 छक्के लगाने के साथ विष्णु विनोद अब तक KCL 2025 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा उन्होंने कुल 181 रन बनाकर इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। साथ ही, 2 अर्धशतक लगाकर वो सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी
13.8 लाख रुपये में खरीदे गए विष्णु विनोद लीग के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। अब तक का उनका प्रदर्शन इस रकम को पूरी तरह सार्थक साबित कर रहा है।