Burari Road Protestबुराड़ी में खराब सड़कों के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस बैरिकेडिंग के बाद धरना हुआ और प्रशासन ने एक महीने में सड़कें ठीक कराने का आश्वासन दिया।:
Burari Road Protest: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में खराब सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। Voice of Burari के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध मार्च निकाला और सड़कों की जल्द मरम्मत की मांग की।
प्रदर्शनकारियों की योजना बुराड़ी अस्पताल से मेट्रो स्टेशन तक मार्च निकालने और वहां चक्का जाम करने की थी। हालांकि, पुलिस ने पेप्सी रोड के पास बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को मेट्रो स्टेशन की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया।
बैरिकेडिंग के बाद सड़क पर दिया धरना (Burari Road Protest)
पुलिस के रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी वहीं शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन में लोगों ने बुराड़ी की मुख्य सड़कों के साथ-साथ संपर्क मार्गों की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना था कि सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से रोजाना आने-जाने वालों को काफी परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क मरम्मत की स्पष्ट समयसीमा बताए।
उपराज्यपाल कार्यालय भेजा गया प्रतिनिधिमंडल
धरने के दौरान दिल्ली पुलिस के ACP ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उपराज्यपाल कार्यालय से संपर्क किया। इसके बाद Voice of Burari के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को उपराज्यपाल कार्यालय भेजा गया। प्रतिनिधिमंडल में मंगेश त्यागी, जितेंद्र फुलारा, शशि मोहन कोटनाला, महेश जोशी और नरेंद्र कुमार सहित संगठन के अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।
also read: रघुबीर नगर के गोदाम में भीषण आग, 17 वर्षीय नाबालिग समेत दो लोगों की मौत
एक महीने में सड़कों की मरम्मत का आश्वासन
उपराज्यपाल कार्यालय में अधिकारियों के साथ हुई बातचीत में बुराड़ी की सड़कों की समस्या पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल को सड़क मरम्मत का काम एक महीने के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट के साथ Voice of Burari के प्रतिनिधियों की बैठक कराने का भी भरोसा दिया गया। बताया गया कि जिला मजिस्ट्रेट सोमवार को दिल्ली से बाहर होने के कारण प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं कर सके।
आश्वासन के बाद प्रदर्शन हुआ स्थगित
अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम का फैसला वापस ले लिया और आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया। Voice of Burari ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि बुराड़ी के लोगों के लिए सुरक्षित सड़क और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की मांग उठाना है।
अब एक महीने तक काम पर रहेगी नजर
संगठन के मुताबिक, स्थानीय नागरिक अगले एक महीने तक सड़क मरम्मत के काम की प्रगति पर नजर रखेंगे। यदि तय समयसीमा में काम संतोषजनक तरीके से पूरा नहीं हुआ, तो संगठन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने पर फैसला लेगा।