यूपी मंत्रिमंडल विस्तार 2025: योगी आदित्यनाथ सरकार में नए मंत्री शामिल हो सकते हैं, जिसमें समाजवादी पार्टी के बागी विधायक भी हो सकते हैं। डिप्टी CM पद और BJP व सहयोगी दलों के नए चेहरों पर भी चर्चा।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आगामी मंत्रिमंडल विस्तार के तहत योगी सरकार में कई नए नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को अब मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है, जिससे प्रदेश संगठन में भी बड़े बदलाव की संभावना है।
वर्तमान में यूपी में 54 मंत्री हैं, जबकि राज्य सरकार को कुल 60 मंत्रियों तक की अनुमति है। इसका मतलब है कि छह नए नेताओं को सहज रूप से शामिल किया जा सकता है। वहीं, कुछ मौजूदा मंत्रियों को संगठन की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि नए चेहरों का मंत्रिमंडल में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है।
SP के बागी विधायक भी मंत्री बन सकते हैं
सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी के 7 बागी विधायकों में से 2-3 को यूपी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें प्रमुख नाम पूजा पाल का बताया जा रहा है। इसके अलावा ब्राह्मण चेहरे के रूप में पूर्व मंत्री मनोज पांडेय भी रेस में हैं।
also read: गोरखपुर में जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री…
डिप्टी सीएम पद में संभावित बदलाव
डिप्टी सीएम के पद को लेकर भी बड़े बदलाव की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि वर्तमान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के यूपी सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी संभावना सामने आ रही है। वह निषाद समुदाय से आती हैं और पार्टी की मजबूत जमीनी नेता मानी जाती हैं।
पूर्व मंत्री और युवा नेताओं पर भी नजर
मंत्रिमंडल विस्तार में कई पूर्व मंत्री और युवा नेताओं को भी शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह और लोकप्रिय युवा विधायक पंकज सिंह शामिल हैं। इसके अलावा सहयोगी दलों जैसे RLD और अपना दल (S) को भी एक-एक अतिरिक्त राज्य मंत्री पद मिलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में यह बदलाव नए साल से पहले सरकार की रणनीति और संगठन में मजबूती दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।