India-England : इस समय भारत की पुरुष और महिला दोनों सीनियर टीमें इंग्लैंड दौरे पर हैं। जहां एक ओर पुरुष टीम टेस्ट सीरीज खेल रही है, वहीं दूसरी ओर महिला टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने हैं। इस सीरीज के बीच इंग्लैंड महिला टीम को एक बड़ा झटका लगा है।
India-England : इंग्लैंड की कप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर नैट सिवर-ब्रंट कमर में चोट लगने के चलते बाकी बचे मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। उनकी अनुपस्थिति में टीम मैनेजमेंट को बदलाव करने पड़े हैं। उनकी जगह बल्लेबाज माइया बाउचर को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी पुष्टि की है कि नैट सिवर-ब्रंट अब टी20 सीरीज में आगे हिस्सा नहीं लेंगी, लेकिन उम्मीद है कि वह आगामी वनडे सीरीज से पहले फिट हो जाएंगी।
सीरीज के पहले दो मुकाबलों में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाली सिवर-ब्रंट की गैरमौजूदगी में तीसरे टी20 से टैमी ब्यूमोंट को टीम की कमान सौंपी गई थी। अब शेष दो मैचों में भी वह कप्तानी करती नजर आएंगी।
इंग्लैंड टीम इस समय सीरीज में 2-1 से पीछे चल रही है। पहले दो मैच भारत ने क्रमश: 97 और 24 रनों से जीते थे, जबकि तीसरे मैच में इंग्लैंड ने वापसी करते हुए जीत हासिल की। भारत की ओर से स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर बेहतरीन फॉर्म में नजर आईं।
अब सीरीज का चौथा मुकाबला 9 जुलाई को और अंतिम मैच 12 जुलाई को खेला जाएगा। नैट सिवर-ब्रंट की गैरहाजिरी भारत के लिए निर्णायक बढ़त हासिल करने का एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है।