Tarak Mehta: टीवी का सुपरहिट कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ इन दिनों अपने हॉरर ट्रैक को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। हाल ही में शुरू हुए भूतनी वाले एपिसोड्स ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है और शो टीआरपी लिस्ट में टॉप पर पहुंच गया है। कहानी में ट्विस्ट तब आया जब गोकुलधाम सोसायटी की छुट्टियों के दौरान सबको डराने वाली भूतनी चकोरी ने पोपटलाल से शादी कर ली।
हाल ही के प्रोमो में दिखाया गया कि गोकुलधामवासी भूतनी की सच्चाई जानकर हवेली से भाग निकलते हैं, लेकिन पोपटलाल वहीं रह जाते हैं। अब नए वायरल वीडियो में चकोरी – यानी भूतनी – दुल्हन के लिबास में पोपटलाल संग शादी करती नजर आ रही हैं और बैकग्राउंड में बज रहा है, “जब प्यार किया तो डरना क्या?”
कहानी में दिखाया गया है कि पोपटलाल चकोरी को इंसान समझ बैठते हैं और उसे प्रपोज कर देते हैं। बाद में भिड़े यह राज खोलते हैं कि वह असल में भूतनी है। इसके बावजूद, अब दोनों की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। चकोरी का किरदार निभा रहीं स्वाति शर्मा ने भी इन पलों को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें वह मंडप में दुल्हन बनी नजर आती हैं और कहती हैं – “दुल्हन भी तैयार है, दूल्हा भी तैयार है, बराती भी तैयार हैं और मंडप भी।”
हालांकि यह शादी असल है या कोई सपना, ये तो आने वाले एपिसोड्स में ही साफ होगा। लेकिन फैंस पोपटलाल को लेकर खूब मजे ले रहे हैं – कोई कह रहा है “भाई तू फंस गया”, तो कोई पूछ रहा है “अब क्या होगा?”
भूतनी चकोरी का किरदार निभा रहीं स्वाति शर्मा पहले भी फिल्मों और शोज़ में नजर आ चुकी हैं, लेकिन इस रोल से उन्हें खास पहचान मिल रही है। हाल ही में उन्होंने दुल्हन के गेटअप में एक वीडियो शेयर कर शादी ट्रैक का हिंट भी दिया था, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई।