कुछ वक्त पहले राम कपूर ने सीरियल ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में दिखाए गए इंटीमेट सीन को लेकर Ekta Kapoor को जिम्मेदार ठहराया था। अब उनकी पत्नी गौतमी कपूर उनके समर्थन में सामने आई हैं। गौतमी का कहना है कि राम हमेशा सच बोलते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एकता के पोस्ट में राम का नाम नहीं लिया गया था, लेकिन लोगों ने बिना वजह उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया।
हाल ही में टेलीविजन इंडस्ट्री में राम कपूर और Ekta Kapoor के बीच अनबन की चर्चाएं जोरों पर हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब राम कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें सीरियल ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में साक्षी तंवर के साथ इंटीमेट सीन करते समय असहजता महसूस हुई थी।
गौतमी कपूर ने कहा, “राम हमेशा से अपनी बात बेझिझक और साफ-साफ रखते हैं। वो कभी शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश नहीं करते और मैं उनकी इस ईमानदारी की बेहद कद्र करती हूं। उन्होंने जो कहा, वो उनका अपना नजरिया और सच्चाई थी। राम कभी भी जवाब देने से पहले कोई स्क्रिप्ट नहीं बनाते या सोचे-समझे बयान नहीं देते। मुझे इसमें कोई बुराई नहीं लगती।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह पुराना मामला है और चूंकि वह खुद शो का हिस्सा नहीं थीं, इसलिए उनकी राय की अहमियत ज्यादा नहीं है।
राम की असहजता को लेकर गौतमी ने आगे कहा कि जब ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में इंटीमेट सीन फिल्माए जा रहे थे, तब टेलीविजन पर इस तरह के सीन बिल्कुल नए थे। राम की असहजता सिर्फ खुद को लेकर नहीं, बल्कि उनकी को-स्टार साक्षी तंवर को लेकर भी थी। गौतमी ने यह भी बताया कि राम अपने साथ काम करने वालों का हमेशा पूरा सम्मान करते हैं, और लोग उनके इस स्वभाव को पसंद भी करते हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर किसी को राम की बात गलत लगी हो, तो यह उनकी व्यक्तिगत सोच है और वह इस पर कोई सफाई नहीं देना चाहेंगी।
गौतमी कपूर ने अफवाह पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि एकता कपूर ने राम कपूर को ‘अनप्रोफेशनल’ कहा है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “एकता ने कहीं भी राम का नाम नहीं लिया था। उनका पोस्ट किसी और के लिए भी हो सकता है, लोगों ने बस बात को बेवजह बढ़ा दिया। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई बड़ी बात थी। मैं राम और एकता दोनों का ही सम्मान करती हूं।” गौरतलब है कि राम कपूर और गौतमी, दोनों ने ही एकता कपूर के शोज़ में काम किया है।