BCCI : लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन जब भारतीय टीम की दूसरी पारी बिखर गई, तब रवींद्र जडेजा अकेले एक छोर पर डटे रहे और अंत तक संघर्ष करते रहे। टीम इंडिया को इस मुकाबले में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन जडेजा की जुझारू पारी ने सबका ध्यान खींचा। हालांकि कुछ लोग उनकी आलोचना भी कर रहे थे, जिस पर अब टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कड़ा जवाब दिया है।
गंभीर ने दिया आलोचकों को जवाब, BCCI ने शेयर किया वीडियो
BCCI ने सोशल मीडिया पर ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें कोच गौतम गंभीर लॉर्ड्स टेस्ट के बाद खिलाड़ियों से बात करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जडेजा की जमकर तारीफ की और उनकी आलोचना करने वालों को आड़े हाथों लिया। गंभीर ने कहा, “उन्होंने शानदार लड़ाई लड़ी, जड्डू की पारी वास्तव में बेहतरीन थी।”
जडेजा ने इस मैच की दूसरी पारी में नाबाद 61 रन बनाए, जबकि पूरी टीम 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 170 पर ऑलआउट हो गई थी।
सिराज और कोचिंग स्टाफ ने भी की सराहना
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी जडेजा को खास खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा, “जड्डू भैया जैसा ऑलराउंडर मिलना मुश्किल है। वो हर विभाग में टीम को योगदान देते हैं और मुश्किल समय में रन बनाकर टीम को संभालते हैं।”
सिराज और जडेजा ने मिलकर आखिरी विकेट के लिए 13.2 ओवर में 23 रनों की साझेदारी की थी, लेकिन शोएब बशीर ने सिराज को आउट कर इंग्लैंड को जीत दिला दी।
कोचों की नजर में एक परिपक्व बल्लेबाज बन चुके हैं जडेजा
असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने कहा कि जडेजा की बल्लेबाजी अब एक नए स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, “उनका डिफेंस पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है और अब वो एक प्रोपर बल्लेबाज की तरह नजर आते हैं।”
वहीं बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, “मुझे हमेशा से लगता था कि जडेजा दबाव को अच्छे से झेलते हैं और अब अनुभव के साथ वो और ज्यादा निखर गए हैं। मुश्किल समय में वो वही करते हैं जो टीम को चाहिए होता है – और यही उन्हें खास बनाता है।”
अगले टेस्ट से उम्मीदें
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में भारत फिलहाल 1-2 से पीछे चल रहा है। 23 जुलाई से मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट शुरू होगा, जहां टीम इंडिया बराबरी हासिल करने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में जडेजा का फॉर्म टीम के लिए उम्मीद की बड़ी किरण बना हुआ है।