दिल्ली सरकार ने EWS महिलाओं के लिए होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर योजना की घोषणा की। अन्य जरूरतमंदों को 500 रुपये में सब्सिडी वाला सिलेंडर मिलेगा।
दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की महिलाओं के लिए एक नई योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत राशन कार्ड धारक EWS महिलाओं को होली और दिवाली के अवसर पर एक-एक मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर प्रदान किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, योजना का उद्देश्य महंगाई के बढ़ते दबाव से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देना है। योजना के तहत अन्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को 500 रुपये में सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना पर अनुमानित 300 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
also read: दिल्ली में बस रूट रेशनलाइजेशन लागू, 181 रूट्स में बदलाव,…
यह पहल दिल्ली में बीजेपी के चुनावी वादों का हिस्सा भी है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में वादा किया था कि होली और दिवाली पर जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त सिलेंडर मिलेगा और साल भर उन्हें सब्सिडी वाले सिलेंडर की सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार चुनावी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है और जरूरतमंदों को 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन की शुरुआत भी की है।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को जल्द ही औपचारिक रूप से लागू कर दिया जाएगा, ताकि लाभार्थी महिलाएं होली से पहले इसका लाभ उठा सकें।