केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर के नमो वन बायोडायवर्सिटी पार्क में आमजन से संवाद किया, जिले के विकास, पर्यटन और स्वस्थ जीवन शैली पर दिया संदेश।
केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने अलवर के नमो वन बायोडायवर्सिटी पार्क में आमजन से संवाद किया और जिले के चहुंमुखी विकास पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं और अलवर की खुशहाली की कामना की।
अलवर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य
श्री यादव ने बताया कि अलवर जिले का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। इस दिशा में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से बड़ौदा के पनियाला तक 6-लेन हाईवे जोड़कर बेहतर रोड कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-921 (महवा-मंडावर-राजगढ़) को फोर लेन बनाने के लिए 862.22 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है। इस परियोजना के पूरा होने से महवा बाईपास से कोठी नारायणपुर तक आमजन को सुविधा और समय की बचत होगी।
साथ ही, जिले में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए भी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। नए रेलवे स्टेशन भवन का शिलान्यास जल्द किया जाएगा।
also read: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस अधिकारियों…
पर्यावरण संरक्षण, खेल और पर्यटन पर विशेष फोकस
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अलवर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नए खेल सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। गौरी देवी महाविद्यालय में बैडमिंटन कोर्ट और जिले एवं शाहजहांपुर में हॉकी खेल के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन 8 फरवरी को आयोजित की जाएगी। मंत्री ने आमजन से भी प्रकृति से जुड़ने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास
श्री यादव ने बताया कि जिले में राजीविका स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा सरस डेयरी में 350 करोड़ रुपए की लागत से 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले नवीन दूध प्लांट का कार्य चल रहा है।
कृषि क्षेत्र में भी केंद्र एवं राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्याज के किसानों के हितों के लिए एफपीओ के माध्यम से संयुक्त कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं।
अलवर के विकास को प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि आमजन की भावना के अनुसार जिले की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा और विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
इस अवसर पर श्री अशोक गुप्ता, श्री घनश्याम गुर्जर, श्री जितेंद्र राठौड़, श्री महेश निहलवानी, श्री निलेश खंडेलवाल, श्री नरेश गोयल, श्री प्रमोद विजय, श्री मुकेश विजय, श्री प्रेम पटेल और श्री देशराज खरेरा भी मौजूद थे।