उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने, उत्सव भवन, डिजिटल लाइब्रेरी और इंटीग्रेटेड कैंपस निर्माण पर जोर दिया।
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्राम स्तर पर विकास कार्यों को तेज करने, उत्सव भवनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और डिजिटल लाइब्रेरी तथा इंटीग्रेटेड कैंपस बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने कहा, “उत्तर प्रदेश तभी आत्मनिर्भर बन सकता है जब हमारी ग्राम पंचायतें भी आत्मनिर्भर हों। इसलिए ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करना होगा।”
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में यूपी देश में पहले स्थान पर
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का लक्ष्य 9.67 लाख रखा गया था, जिसमें अब तक 4.79 लाख शौचालय पूरे किए जा चुके हैं। पूरे देश में निर्मित 17.26 लाख शौचालयों में से 28% अकेले उत्तर प्रदेश में बने हैं।
साथ ही, 282 प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों में से 103 का निर्माण पूरा हो चुका है और 132 इकाइयां निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली में सुधार और मातृभूमि योजना पर बल
सीएम योगी ने जिला पंचायतों द्वारा राजस्व वसूली के आंकड़ों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों की इस उपलब्धि की सराहना की, साथ ही राजस्व वसूली के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मातृभूमि योजना के तहत प्रदेश के प्रवासियों को जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रवासियों के सहयोग से बनने वाली परियोजनाओं का नाम उनके पूर्वजों पर रखा जाए और उन्हें प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाए, जिससे दूसरों को प्रेरणा मिले।
उत्सव भवन और इंटीग्रेटेड कैंपस के लिए निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने उत्सव भवनों का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर मांगलिक कार्यक्रमों के लिए करने और अन्य समय में योग एवं वेलनेस गतिविधियों के लिए बढ़ाने का निर्देश दिया।
also read: माघ मेला 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा –…
उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में इंटीग्रेटेड कैंपस बनाने की बात कही, जिसमें विद्यालय, उत्सव भवन, खेल के मैदान, ओपन जिम, पार्क और मॉडल शॉप जैसी मूलभूत सुविधाएं हों। इसके लिए भूमि चयन में जनप्रतिनिधियों की मदद लेने और ऐसे स्थान पर निर्माण करने का निर्देश दिया गया, जहां पहुंच आसान हो।
डिजिटल लाइब्रेरी और सीवर-ग्रे वाटर ट्रीटमेंट
सीएम ने प्रदेश में 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और फर्नीचर की गुणवत्ता उत्कृष्ट हो और पुस्तकें छात्रों की जरूरत के अनुरूप हों।
इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायतों में सीवर और ड्रेनेज के पानी को शुद्ध कर खेती और बागवानी में उपयोग करने, और 160 एफएसटीपी के शीघ्र निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पंचायती राज विभाग की मॉनिटरिंग मजबूत करें
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खुली चौपाल की व्यवस्था हो, जहां योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों का सत्यापन किया जाए। उन्होंने पंचायती राज विभाग से प्रत्येक विकास कार्य की मॉनिटरिंग के लिए मजबूत सिस्टम तैयार करने और समय पर योजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अधिकारियों की वर्ष में एक बार लखनऊ में भौतिक समीक्षा और हर माह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा हो।