दिल्ली चुनाव नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद भी Delhi New CM पद के चेहरे पर फैसला नहीं हुआ है। बीजेपी में कई दावेदार सामने आए हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पीएम मोदी द्वारा लिया जाएगा।
बीजेपी विधायक एलजी से करेंगे मुलाकात
दिल्ली में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की थी। हालांकि, सोमवार को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मिलने के बजाय वरिष्ठ नेताओं से टेलीफोन पर चर्चा की। इस मुद्दे पर संघ के पदाधिकारियों से भी सलाह ली जा रही है।
इधर, दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सभी सांसदों और नवनिर्वाचित विधायकों के साथ उपराज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है। इस संबंध में उन्होंने उपराज्यपाल को पत्र भी लिखा है। संभावना है कि अगले एक-दो दिनों में यह बैठक हो सकती है।
गौरतलब है कि शनिवार को घोषित चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिलीं। कांग्रेस इस बार भी पिछले दो चुनावों की तरह पूरी तरह से हार गई और उसे एक भी सीट नहीं मिल सकी। उल्लेखनीय है कि 1993 के बाद पहली बार बीजेपी को दिल्ली में पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। इससे पहले, 2013 के चुनावों में पार्टी ने 31 सीटें जीती थीं।