DELHI WEATHER : दिल्ली से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कुछ इलाकों में जहां बारिश हो रही है, वहीं कई जगहें तेज़ लू की चपेट में हैं। उमस भरी गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है।
दिल्ली में मौसम लगातार करवट ले रहा है। इस वीकेंड राजधानी का मौसम खुशनुमा रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को तेज ठंडी हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं रविवार को बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
देश के कई हिस्सों में बिजली, बारिश और आंधी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और लगभग 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में भी बिजली, गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बना चुनौती
10 और 11 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में गरज, बिजली और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसी तरह, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 10-11 मई के दौरान आंधी और बिजली के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान में यह स्थिति 9 से 13 मई के बीच बनी रह सकती है, जहां हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अन्य राज्यों में भी मौसम ने बदला रुख
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10 से 13 मई के दौरान आंधी, बिजली और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 से 12 मई और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11 से 13 मई तक 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है।