Indian Team : रवींद्र गोपीनाथ संते: डोंबिवली से लॉर्ड्स तक का प्रेरणादायक सफर
मुंबई के रवींद्र गोपीनाथ संते को इंडियन मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ 7 मैचों की टी20 सीरीज़ में टीम की अगुवाई करेंगे। इस सीरीज़ का तीसरा मुकाबला 25 जून को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। उनका सफर संघर्षों से भरा रहा है—सिर्फ 6 महीने की उम्र में गलत इंजेक्शन के कारण उनका दाहिना हाथ लकवाग्रस्त हो गया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत से खुद को साबित किया।
मुंबई के लोकल मैदान से इंटरनेशनल पहचान तक
रवींद्र का क्रिकेटिंग सफर डोंबिवली से शुरू हुआ, जहां वह ट्रेन से 116 किलोमीटर दूर विरार तक ट्रेनिंग के लिए जाते थे। उन्हें कोच रवि पाटिल ने प्रशिक्षण दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। अपनी कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से रवींद्र ने मुंबई के टॉप लोकल टूर्नामेंट्स में नाम कमाया और महाराष्ट्र की टीम में चयन के बाद अब वह टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं।
युवराज सिंह से मिली प्रेरणा
रवींद्र ने बताया कि उन्हें भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह से प्रेरणा मिली, जिन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़कर मैदान पर वापसी की। इसी तरह रवींद्र ने भी अपनी शारीरिक चुनौती को मात दी और कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपने कॉलेज जीवन में केवी पेंढारकर कॉलेज की ओर से लेदर बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया था और एक मैच में अर्धशतक लगाकर क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डिसेबिलिटी क्रिकेट से अनजान थे
शुरुआत में रवींद्र को यह भी नहीं पता था कि डिसेबिलिटी क्रिकेट जैसी कोई चीज़ होती है। एक बार एक लोकल कॉरपोरेटर ने दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शनी मैच आयोजित किया था, जहां उनकी मुलाकात कोच रवि पाटिल से हुई। इसके बाद वे लगातार तीन साल तक विरार के साईनाथ क्रिकेट क्लब में अभ्यास करते रहे। यहीं से उनका सिलेक्शन महाराष्ट्र और फिर भारत की टीम में हुआ।
इंग्लैंड में ये टीमें होंगी आमने-सामने
इंडियन मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम 1 जुलाई को ब्रिस्टल में डबल हेडर मैच खेलेगी, जिसमें एक मुकाबला इंग्लैंड में भारतीय महिला टीम के खिलाफ होगा। ये मैच भारत में लाइव दिखाए जाएंगे और सभी मुकाबलों की स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर की जाएगी।