UP Budget 2026: यूपी विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत, विपक्ष एसआईआर, कानून व्यवस्था और ट्रेड डील पर सरकार को घेरने की तैयारी में।
UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 2026 आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी, जिसमें वे राज्य सरकार के कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश करेंगी। इस बार का बजट सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा।
सरकार ने सभी विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की है, जबकि विपक्ष एसआईआर, कानून व्यवस्था और अमेरिका-भारत ट्रेड डील जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
सत्र के पहले दिन सदन में अधिसूचनाएं, अध्यादेश और अन्य प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। अनुमान है कि पहले दिन ग्यारह विधेयकों को मंजूरी के लिए सदन में रखा जा सकता है।
also read: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे पर जीरो-टॉलरेंस नीति,…
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना पेश करेंगे बजट
11 फरवरी को यूपी विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 2026-27 का बजट पेश करेंगे। वित्त मंत्री ने सभी दलों को आश्वस्त किया है कि सरकार विकास की गति बढ़ाने और राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। वहीं, विपक्ष भी सदन में सरकार को घेरने और सवाल उठाने की तैयारी में है।
विपक्ष के मुद्दे
समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल एसआईआर के मुद्दों के साथ-साथ प्रदेश में कानून व्यवस्था और ट्रेड डील पर हंगामा कर सकते हैं।
सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने दिया भरोसा
बजट सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। उन्होंने सभी दलों से सदन की कार्रवाई सुचारू रूप से चलाने और संवाद एवं सकारात्मक चर्चा को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
इस बैठक में प्रमुख नेताओं में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी के रमेश सिंह, कांग्रेस की आराधना मिश्रा और जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के विनोद सरोज शामिल थे। सभी नेताओं ने सहयोग का भरोसा दिया।
