RAJASTHAN NEWS : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी दृष्टिकोण में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ के संकल्प को साकार करेगा। यह बजट हर वर्ग और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित है और जनता की उम्मीदों को पूरा करने वाला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में की गई ऐतिहासिक बजट घोषणाओं से आयुष्मान राजस्थान की परिकल्पना साकार होगी। नि:शुल्क दवा एवं जांच सुविधा के लिए 3500 करोड़ रुपये के मा-कोष का गठन, टर्शियरी स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन हेतु 1300 करोड़ रुपये का प्रावधान, 50 करोड़ रुपये की लागत से फिट राजस्थान अभियान की शुरुआत, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत इंटर स्टेट पोर्टेबिलिटी लागू करने, प्रत्येक जिला अस्पताल में डायबिटिक क्लीनिक खोलने और चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ के नए पदों का सृजन जैसी घोषणाओं से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि बजट में जल जीवन मिशन (शहरी) की शुरुआत, आगामी वर्ष में 1.25 लाख पदों पर भर्ती, राजस्थान रोजगार नीति लागू करने, गर्भवती महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री सुपोषण किट योजना, राजस्थान नागरिक सुरक्षा अधिनियम, अक्षय ऊर्जा में 10 गीगावॉट उत्पादन, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नॉन-पैचेबल सड़कों के लिए 10-10 करोड़ रुपये का प्रावधान और 50,000 नए कृषि कनेक्शन जैसी घोषणाएं प्रदेश के गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। यह बजट विकसित राजस्थान और विकसित भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।