NZ vs SA T20 मैच में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया। 19 साल के एनकोबानी मोकोएना ने डेब्यू मैच में 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
NZ vs SA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से करारी हार झेलने के बाद न्यूजीलैंड की टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक और झटका लगा। 15 मार्च को बे ओवल में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में कीवी टीम सात विकेट से हार गई और प्रोटियाज टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी रही कमजोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम महज 14.3 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई। कीवी टीम के खिलाड़ियों ने कोई भी बड़ी पारी नहीं खेली और साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई। यह न्यूजीलैंड का टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। साल 2012 में कीवी टीम 86 रन पर ऑलआउट हुई थी, जबकि इस फॉर्मेट में उनका सबसे छोटा स्कोर 60 रन है।
also read: IPL 2026 से पहले दिनेश कार्तिक की ऑल-टाइम RCB 11, विराट…
एनकोबानी मोकोएना ने किया धमाकेदार डेब्यू
सिर्फ 19 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले एनकोबानी मोकोएना ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इसके अलावा जेराल्ड कोएत्जी और ओटनिल बार्टमैन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कप्तान केशव महाराज ने भी 2 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की टीम को दबाव में रखा।
साउथ अफ्रीका ने आसान जीत हासिल की
न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 92 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में जीत दर्ज की। विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने नाबाद 45 रन बनाए जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनकी शांत और संयमित पारी ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
एनकोबानी मोकोएना का अनुभव
डेब्यू मैच में प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद एनकोबानी मोकोएना ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार है। उन्होंने बताया, “पहले दो ओवर वैसे नहीं गए जैसे मैं चाहता था और लगा कि शायद विकेट नहीं मिलेगा, लेकिन गेंदबाजी के लिए परिस्थितियां मददगार थीं। मैंने अपनी स्लो बॉल्स का सही इस्तेमाल किया और यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास रहा।”