LSG vs RR Highlights: आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में 40 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम मात्र 119 रनों पर ऑलआउट हो गई।
लखनऊ की खराब शुरुआत, टॉप ऑर्डर रहा फ्लॉप
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 11 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्करम और आयुष बडोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। निकोलस पूरन भी 22 रन बनाकर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके।
हालांकि, मिचेल मार्श ने एक छोर संभालते हुए 55 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
also read: IPL 2026 Orange Update: अभिषेक शर्मा ने शतक से मचाया…
राजस्थान की गेंदबाजी का जलवा
राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह हावी रही। कप्तान रियान पराग ने रणनीतिक रूप से पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी ने कम से कम एक विकेट हासिल किया।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं नान्द्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लेकर लखनऊ की कमर तोड़ दी। रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किया।
राजस्थान की पांचवीं जीत, लखनऊ की लगातार हार
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की और पिछले दो मैचों की हार का सिलसिला भी खत्म किया। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 मैचों में यह उनकी पांचवीं हार झेलनी पड़ी।
कम स्कोर के बावजूद राजस्थान रॉयल्स ने बेहतरीन गेंदबाजी और टीमवर्क के दम पर यह मुकाबला अपने नाम किया और आईपीएल 2026 में अपनी स्थिति को मजबूत किया।