DELHI NEWS : पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश, दिल्ली में 25 अप्रैल को ‘दिल्ली बंद’ की घोषणा। जानिए कौन सी सेवाएं रहेंगी चालू और क्या रहेगा बंद। व्यापारिक संगठनों और आम लोगों ने सड़कों पर उतरने का लिया फैसला।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 27 निर्दोष लोगों की मौत और 17 से अधिक घायल हुए, ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले के बाद दिल्ली समेत कई राज्यों में जनाक्रोश भड़क उठा है। आम नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने मिलकर 25 अप्रैल, शुक्रवार को ‘दिल्ली बंद’ का आह्वान किया है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया है।
इस बीच राजधानी में यह सवाल उठने लगा है कि बंद के दौरान कौन-कौन सी सेवाएं चालू रहेंगी और क्या-क्या प्रभावित होगा। आइए इस उलझन को थोड़ा साफ करते हैं।
‘दिल्ली बंद’ की वजह क्या है?
दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले में कई मासूम लोगों की जान चली गई, और कुछ परिवार उजड़ गए। इस दर्दनाक घटना से लोगों में गुस्सा भड़का हुआ है। हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तानी दूतावास को बंद कर दिया है, सभी पाक नागरिकों के वीज़ा रद्द कर दिए गए हैं, और अवैध रूप से रह रहे लोगों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।
फिर भी जनभावनाएं शांत नहीं हुई हैं, और विरोध स्वरूप ‘दिल्ली बंद’ का ऐलान किया गया है।
बाजार रहेंगे बंद
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि 25 अप्रैल के ‘दिल्ली बंद’ के दौरान क्या खुला रहेगा और क्या नहीं। चूंकि बंद का आह्वान प्रमुख मार्केट यूनियनों द्वारा किया गया है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अधिकतर बाजार इस दिन बंद रहेंगे।
CAIT के महासचिव और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने यह साफ किया है कि यह बंद पूरी तरह से सम्मान और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्थन का शांतिपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसका किसी राजनीतिक विरोध से कोई संबंध नहीं है।
क्या रहेगा खुला, क्या रहेगा बंद
शुक्रवार को होने वाले ‘दिल्ली बंद’ को लेकर अब तक न तो दिल्ली पुलिस और न ही सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि बैंकों और अन्य सरकारी दफ्तरों पर बंद का कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
साफ शब्दों में कहें तो जो व्यापारी या संगठन बंद का समर्थन कर रहे हैं, वही अपनी दुकानें और सेवाएं बंद रखेंगे। बाकी सभी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। यानी स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और बैंक खुले रहेंगे। इसके अलावा मेट्रो सेवा भी रोज़ की तरह सुचारु रूप से जारी रहेगी।