DELHI NEWS : दिल्ली की नई सरकार के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के स्वरूप में भी बदलाव देखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में संचालित होने वाले मोहल्ला क्लिनिक अब धीरे-धीरे आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तब्दील हो रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से अब तक राजधानी में 67 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं। सरकार का दावा है कि ये केंद्र लोगों को उनके घरों के नजदीक ही मुफ्त इलाज की सुविधा दे रहे हैं, और लक्ष्य है कि आने वाले समय में 1100 से अधिक ऐसे केंद्र खोले जाएं।
मोहल्ला क्लिनिक बनाम आयुष्मान आरोग्य मंदिर
पूर्वी दिल्ली में खुले एक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर की पड़ताल में इन नए केंद्रों और पुराने मोहल्ला क्लिनिक के बीच के अंतर को समझने की कोशिश की। हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने 34 नए आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया।
कैसे होता है इलाज
आरोग्य मंदिर में सबसे पहले मरीज का रजिस्ट्रेशन किया जाता है। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें होती हैं, जबकि वरिष्ठ नागरिक सीधे डॉक्टर से मिल सकते हैं। यहाँ दो मेडिकल अफसर मौजूद रहते हैं और आपात स्थिति के लिए इमरजेंसी वार्ड भी बना है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को एंबुलेंस से अन्य अस्पतालों में भेजा जाता है। जांच, वैक्सीनेशन और दवाएं सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
आरोग्य मंदिर में मिलने वाली सुविधाएं:
-
गर्भवती महिलाओं और नवजातों की देखभाल
-
मुफ्त वैक्सीनेशन
-
मानसिक स्वास्थ्य परामर्श
-
टीबी और कुष्ठ रोगों का इलाज
-
डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की नियमित जांच
-
लगभग 90 लैब टेस्ट केंद्र पर और 30 टेस्ट बाहर से निःशुल्क कराए जाते हैं
-
सप्ताह में दो दिन योग कक्षाएं
-
मुफ्त दवाएं
इन केंद्रों में प्रजनन स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, कैंसर की स्क्रीनिंग और क्रॉनिक बीमारियों का भी इलाज उपलब्ध है।
मोहल्ला क्लिनिक में क्या मिलता था:
-
सामान्य बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी, बुखार का इलाज
-
फ्री मेडिकल कंसल्टेशन और जरूरी दवाएं
-
ब्लड, शुगर, हीमोग्लोबिन जैसे बेसिक टेस्ट
-
गर्भवती महिलाओं की शुरुआती देखभाल
-
बच्चों और बड़ों के लिए वैक्सीनेशन
-
डिलीवरी की सुविधा नहीं थी
-
मानसिक स्वास्थ्य के लिए कंसल्टेशन
मरीजों की राय
आरोग्य मंदिर में इलाज कराने आए लोगों का कहना है कि अब उन्हें महंगे प्राइवेट क्लिनिक में जाने की जरूरत नहीं पड़ती, जहाँ 1000 रुपये तक खर्च हो जाता था। अब सरकारी केंद्र पर इलाज और टेस्ट दोनों फ्री हैं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली है।
सरकार का पक्ष
सरकार का मानना है कि मोहल्ला क्लिनिक में भारी भ्रष्टाचार था और आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों के लिए एक प्रभावी और भरोसेमंद विकल्प हैं। आने वाले समय में दिल्ली की सभी विधानसभा क्षेत्रों में करीब 1139 आरोग्य मंदिर खोलने की योजना है।