Delhi Metro यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब इंटरनेट की समस्या जल्द ही दूर होने वाली है। डीएमआरसी ने इसके समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा लिया है।
किन रूट्स पर सबसे पहले होगा काम?
सबसे पहले यह परियोजना मैजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन) और पिंक लाइन (शिव विहार से मजलिस पार्क) पर लागू की जाएगी। Delhi Metro रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेसर्स बेकहोल डिजिटल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत यह कंपनी सभी मेट्रो कॉरिडोर में हाई-स्पीड ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क स्थापित करने और उसका रखरखाव करने का कार्य करेगी। इस पहल से दिल्ली-एनसीआर के मेट्रो नेटवर्क में इंटरनेट कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
कब तक पूरा होगा प्रोजेक्ट?
इस परियोजना के तहत, मेसर्स बेकहोल डिजिटल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड सभी मेट्रो लाइनों, जिसमें एयरपोर्ट लाइन भी शामिल है, पर कुल 700 किमी फाइबर ऑप्टिक केबल बिछाएगा। इस काम को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसमें पिंक और मैजेंटा लाइन सबसे पहले शुरू की जाएंगी, जबकि बाकी रूट्स अगले छह महीनों में तैयार होने की उम्मीद है। यह फाइबर नेटवर्क हाई-स्पीड इंटरनेट को सक्षम बनाने के साथ-साथ दूरसंचार कंपनियों, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, डेटा केंद्रों और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा, यह दिल्ली-एनसीआर में 5G सेवाओं को सुचारू रूप से लागू करने में भी मदद करेगा।