दिल्ली सरकार के एक साल पूरे होने पर 8 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कर सकती हैं बड़े ऐलान।
दिल्ली सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर 8 फरवरी को राजधानी के रामलीला मैदान में एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट और सरकार के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की भी पुष्टि हुई है।
यह आयोजन दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी की जीत के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। सरकार इस मंच से न सिर्फ बीते एक साल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी, बल्कि आने वाले समय की योजनाओं का रोडमैप भी पेश करेगी।
500 नई ई-बसों का हो सकता है बड़ा ऐलान
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली सरकार राजधानी के परिवहन सिस्टम को मजबूत करने के लिए 500 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की घोषणा कर सकती है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई नई योजनाओं का ऐलान संभव है।
सरकार का मुख्य फोकस पर्यावरण के अनुकूल ट्रांसपोर्ट, ट्रैफिक जाम कम करने और प्रदूषण पर नियंत्रण रखने पर रहेगा। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश होगी कि सरकार ने एक साल में अपने चुनावी वादों को ज़मीन पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
also read: केंद्रीय बजट 2026 पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की…
जनता से सीधे लिया जाएगा फीडबैक
गौरतलब है कि 8 फरवरी 2025 को ही विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे। इसी कारण इस तारीख को प्रतीकात्मक रूप से चुना गया है। आयोजन को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी बीजेपी विधायकों और सांसदों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों पर अलग-अलग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार अपनी योजनाओं और फैसलों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाएगी और लोगों से फीडबैक भी लेगी।
रणनीति को लेकर आज होगी अहम बैठक
इसी सिलसिले में दिल्ली बीजेपी विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर करीब 3:30 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर होने जा रही है। बैठक में सरकार के एक साल पूरे होने पर होने वाले कार्यक्रमों की रणनीति और रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया था, जबकि आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।