दिल्ली में 100 स्थानों पर जल्द शुरू होगी अटल कैंटीन योजना। सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा पौष्टिक और स्वच्छ भोजन। जानें मेन्यू, डिजिटल टोकन प्रणाली और सुरक्षा फीचर्स।
दिल्ली सरकार जल्द ही अटल कैंटीन योजना की शुरुआत करने जा रही है, जिसमें गरीब, मजदूर और आम नागरिक सिर्फ 5 रुपये में स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए राहत प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक समानता और गरिमा को भी सशक्त बनाएगी।
दिल्ली में 100 स्थानों पर शुरू होगी योजना
योजना के पहले चरण में दिल्ली के 100 स्थानों पर अटल कैंटीन खोली जाएंगी। इनका शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर किया जाएगा। संचालन की जिम्मेदारी चयनित संस्थाओं को सौंपी जाएगी। इसके लिए स्थान चयन, मेन्यू, वितरण प्रणाली और प्रबंधन से जुड़े सभी मानक तय कर दिए गए हैं।
also read: दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान: “बिहार में अब…
अटल कैंटीन में क्या मिलेगा
प्रत्येक कैंटीन में थाली में दाल-चावल, सब्जी और रोटी परोसी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सुबह और शाम 500-500 थालियां वितरित की जाएंगी। भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार सब्सिडी प्रदान करेगी और भोजन की नियमित जांच मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं द्वारा कराई जाएगी।
डिजिटल टोकन प्रणाली से होगा संचालन
भोजन वितरण की पूरी प्रक्रिया डिजिटल टोकन प्रणाली के माध्यम से संचालित होगी ताकि कोई अनियमितता न हो। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और उनकी निगरानी दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड के डिजिटल प्लेटफार्म से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए की जाएगी। रसोई में एलपीजी कुकिंग सिस्टम, इंडस्ट्रियल आरओ जल व्यवस्था और ठंडा भंडारण जैसी आधुनिक सुविधाएं अनिवार्य होंगी।
मासिक लेखा-जोखा और सुरक्षा प्रमाणपत्र
भोजन वितरण करने वाली एजेंसियों को मासिक लेखा-जोखा, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नियमित रूप से जमा करना होगा। इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में कोई भूखा न सोए और हर नागरिक को गरिमा के साथ भोजन उपलब्ध हो।