दिल्ली की ट्रैफिक समस्या को कम करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने सराय काले खां से अलवर तक Namo Bharat train चलाने की योजना बनाई है। इस परियोजना से दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
अलवर तक बढ़ेगी Namo Bharat train, बनेगें 19 स्टेशन
मेरठ के बाद अब नमो भारत ट्रेन अलवर तक दौड़ेगी, जिससे सफर चंद मिनटों में पूरा हो सकेगा। इस कॉरिडोर पर कुल 19 स्टेशन बनाए जाने की योजना है। यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर अलवर तक रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के तहत चलेगी और दिल्ली-जयपुर हाईवे के समानांतर विकसित की जाएगी।
तीन चरणों में होगा विकास
इस परियोजना को नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) तीन चरणों में विकसित करेगा:
-
पहला चरण – दिल्ली से गुरुग्राम होते हुए शाहजहांपुर-नीमराणा-बहरोड़ (SNB) तक 106 किलोमीटर का कॉरिडोर बनाया जाएगा।
-
दूसरा चरण – बहरोड़ से सोतानाला तक विस्तार होगा।
-
तीसरा और अंतिम चरण – सोतानाला से अलवर तक ट्रेन सेवा बढ़ाई जाएगी।
शुरुआत में दिल्ली से धारूहेड़ा तक कॉरिडोर विकसित करने पर ज़ोर दिया जा रहा है, क्योंकि इस हिस्से में यातायात का अधिक दबाव है।
स्टेशन को लेकर अड़चनें भी सामने आईं
उद्योग विहार क्षेत्र में शंकर चौक पर प्रस्तावित स्टेशन को लेकर एनसीआरटीसी और एचएसआईआईडीसी के बीच सहमति नहीं बन पाई है। ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए एचएसआईआईडीसी ने इस स्थान पर स्टेशन बनाने की अनुमति नहीं दी। अब पास के किसी अन्य स्थान पर स्टेशन बनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं और इस पर फैसला एक समिति द्वारा किया जाएगा।
प्रोजेक्ट से क्या लाभ होगा?
Namo Bharat train, भारत की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सेवा है, जो 160 किमी/घंटा की अधिकतम गति और औसतन 100 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी। इससे लोग कुछ ही मिनटों में एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंच सकेंगे। ट्रेनों की अधिक फ्रीक्वेंसी और आधुनिक सुविधाओं के कारण यह सेवा समय की बचत के साथ-साथ यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी।