आम आदमी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal की परेशानियां बढ़ गई हैं। दिल्ली की अदालत ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद Arvind Kejriwal की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दिल्ली की एक अदालत ने आज उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब वे पहले से ही कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं और दिल्ली चुनाव में हार के बाद विपश्यना में समय बिता रहे हैं। अदालत ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में केजरीवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है और दिल्ली पुलिस से 18 मार्च तक रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
क्या है मामला?
यह मामला 2019 का है, जब Arvind Kejriwal, मटियाला के तत्कालीन विधायक गुलाब सिंह और द्वारका की पार्षद नीतिका शर्मा के खिलाफ एक बड़ी होर्डिंग लगाने को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस शिकायत को स्वीकार करते हुए इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर सुनवाई की थी। कोर्ट ने अब सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है और पुलिस को 18 मार्च तक कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।