IPL 2025 को फिलहाल BCCI ने रोक दिया है। पाकिस्तान के हमले के बाद पहले धर्मशाला में पंजाब और दिल्ली के बीच चल रहा मैच अधूरा छोड़ना पड़ा, जिसके बाद पूरे टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया। खबरों के मुताबिक, आईपीएल को केवल एक सप्ताह के लिए ही टाला गया है।
पाकिस्तान के हमले के बाद बीसीसीआई ने कड़ा कदम उठाते हुए आईपीएल 2025 के शेष मुकाबलों को स्थगित कर दिया है। हालांकि, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि टूर्नामेंट फिर से शुरू हो सकता है और एक सप्ताह बाद इस पर अहम फैसला लिया जाएगा। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट को केवल 7 दिनों के लिए रोका गया है। एक हफ्ते बाद हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद आईपीएल फिर से शुरू हो सकता है।
BCCI ने बड़ा कदम उठाते हुए जानकारी दी है कि आईपीएल का नया कार्यक्रम अगले हफ्ते घोषित किया जा सकता है। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि टूर्नामेंट को पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है, बल्कि केवल एक हफ्ते के लिए स्थगित किया गया है। हालात की समीक्षा के बाद नया शेड्यूल जारी किया जाएगा।
IPL गवर्निंग काउंसिल ने टूर्नामेंट को एक हफ्ते के लिए स्थगित किए जाने पर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि यह निर्णय सभी टीमों की राय लेने के बाद लिया गया है। फ्रेंचाइज़ियों ने अपने खिलाड़ियों की चिंता, प्रसारकों, प्रायोजकों और दर्शकों की भावनाओं को भी गवर्निंग काउंसिल के साथ साझा किया। BCCI को देश की सेना की क्षमता और तैयारियों पर पूरा विश्वास है, लेकिन सभी संबंधित पक्षों के हित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लेना जरूरी समझा गया।
IPL कब दोबारा शुरू होगा, इसका फिलहाल इंतज़ार है। अगर हालात एक हफ्ते बाद भी नहीं सुधरते, तो बीसीसीआई आईपीएल 2025 के बाकी मुकाबले अगस्त-सितंबर में कराने पर विचार कर सकती है। इसी समय एशिया कप होना था, लेकिन अब इसके आयोजन की संभावना कम नजर आ रही है। ऐसे में एशिया कप की जगह आईपीएल के बचे हुए मैच कराए जा सकते हैं। अब तक आईपीएल 2025 में 57 मुकाबले हो चुके हैं। पंजाब और दिल्ली के बीच धर्मशाला में खेला जा रहा मैच 11वें ओवर में रोकना पड़ा, और इसके बाद लखनऊ बनाम आरसीबी मैच भी स्थगित कर दिया गया। अभी टूर्नामेंट के फाइनल समेत कुल 16 मैच बाकी हैं। अब देखना होगा कि बीसीसीआई इन्हें कब और कैसे पूरा कराता है।