Vigilance Bureau : आरोपी को पहले भी यूपीआई के जरिए 5000 रुपये की रिश्वत मिली थी
Vigilance Bureau (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के दौरान, जालंधर जिले में पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पीएसपीसीएल) कार्यालय भोगपुर में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) मनजीत सिंह और लाइनमैन हरजीत सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत की दूसरी किस्त स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां राज्य ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उपरोक्त आरोपियों को जालंधर के सुदर्शन पार्क, मकसूदां निवासी सुमित वधवा द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी उसके घर पर नया बिजली मीटर लगाने और पुराने मीटर को बदलने के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत में बताया गया है कि उक्त लाइनमैन ने यूपीआई भुगतान के माध्यम से 5000 रुपये पहले ही ले लिए थे और बाकी 5000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिक जांच के बाद Vigilance Bureau की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी लाइनमैन और जे.ई. को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत की दूसरी किश्त लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। इस सम्बन्ध में विजीलैंस ब्यूरो के जालंधर रेंज थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की अगली जांच जारी है।