उत्तर प्रदेश सरकार ने दी दिवाली गिफ्ट, महिलाओं को मिलेगा दो निःशुल्क LPG सिलेंडर रिफिल

उत्तर प्रदेश सरकार ने दी दिवाली गिफ्ट, महिलाओं को मिलेगा दो निःशुल्क LPG सिलेंडर रिफिल

उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली पर महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दो निःशुल्क LPG सिलेंडर रिफिल देने की योजना शुरू की है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को लोकभवन सभागार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने का शुभारंभ करेंगे। यह योजना खासतौर पर महिलाओं को महंगाई से राहत देने और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गई थी, जिसका मकसद ग्रामीण और गरीब परिवारों को पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी, कोयला, गोबर के उपले से मुक्त कर स्वच्छ LPG कनेक्शन देना है। यूपी इस योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य रहा है, जहां अब तक 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

दो चरणों में मिलेगा निःशुल्क रिफिल

प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 में दो चरणों में एलपीजी सिलेंडर के दो निःशुल्क रिफिल देने का निर्णय लिया है। पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक और दूसरा जनवरी से मार्च 2026 तक चलेगा। इस योजना के लिए ₹1500 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

आधार प्रमाणित लाभार्थियों को मिलेगा प्राथमिकता

पहले चरण में आधार प्रमाणित 1.23 करोड़ लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा। यह रिफिल इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों के माध्यम से वितरित किया जाएगा।

also read: दीपावली से पहले यूपी के 18 मंडलों में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित, मुख्यमंत्री योगी ने किया बड़ा ऐलान

कैसे मिलेगा रिफिल का लाभ?

लाभार्थी पहले अपनी तरफ से 14.2 किग्रा एलपीजी सिलेंडर का रिफिल खरीदेंगे, जिसके बाद 3-4 दिनों के अंदर सब्सिडी की राशि उनके बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। जिनके पास 5 किग्रा सिलेंडर है, वे 14.2 किग्रा का सिलेंडर भी प्राप्त कर सकते हैं।

आधार प्रमाणन के लिए विशेष अभियान

जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणित नहीं है, उनके लिए प्रशासन और ऑयल कंपनियां मिलकर अभियान चला रही हैं। SMS और विशेष एप के माध्यम से आधार सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।

योजना की निगरानी के लिए समिति

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य और जिला स्तर पर समितियां गठित की गई हैं जो नियमित समीक्षा और शिकायत निवारण करेंगी। साथ ही सिलेंडर के वजन की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिलाओं को महंगाई से राहत

महंगाई के बढ़ते दबाव के बीच यह योजना गरीब परिवारों के लिए राहत का जरिया बनेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।

इस पहल से यूपी की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और उन्हें आर्थिक और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह सरकार गरीबों और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी भलाई के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related posts

लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर विवाद, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

महिला आरक्षण बिल पर सियासी घमासान, संजय सिंह ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पंजाब सरकार ने फसल खरीद व्यवस्था की समीक्षा की, 100% एमएसपी खरीद का दोहराया संकल्प