WTC फाइनल के पहले दिन ही मचा तहलका, दोनों टीमों की हालत खराब, कुल 14 विकेट गिरे

WTC फाइनल के पहले दिन ही मचा तहलका, दोनों टीमों की हालत खराब, कुल 14 विकेट गिरे

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 का फाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी है। पहले दिन का खेल तेज गेंदबाजों के नाम रहा, जिन्होंने जमकर कहर बरपाया और कुल 14 में से 12 विकेट झटके। बल्लेबाजों के लिए पहला दिन काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 के फाइनल में पहले ही दिन ऐसा मोड़ आया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। मुकाबले की शुरुआत से ही गेंदबाज़ों ने पूरी पकड़ बना ली और कुल 14 विकेट गिर गए, जिनमें से 12 विकेट तेज़ गेंदबाज़ों के खाते में गए। दिन के खेल के अंत तक साउथ अफ्रीका ने 43 रन पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। कप्तान टेम्बा बावुमा 3 और डेविड बेडिंगहम 8 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।

टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाज़ी चुनी और उनका ये फैसला कारगर साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम महज 212 रन पर सिमट गई। कगिसो रबाडा ने 5 विकेट चटकाकर शानदार गेंदबाज़ी की, लेकिन उनकी मेहनत का फायदा टीम को नहीं मिल पाया, क्योंकि साउथ अफ्रीका की बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई।

साउथ अफ्रीका को शुरुआती झटका
ऑस्ट्रेलिया की पारी सस्ते में निपटने के बाद जब साउथ अफ्रीका ने बल्लेबाज़ी शुरू की, तो उम्मीद थी कि वे बढ़त बनाएंगे। मगर मिचेल स्टार्क ने पहले ही ओवर में एडन मार्करम को पवेलियन भेजकर टीम को गहरा झटका दे दिया, उस वक्त तक स्कोरबोर्ड पर एक भी रन नहीं था।

इसके बाद साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज लगातार पवेलियन लौटते गए। रयान रिकल्टन ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए, जबकि बाकी तीन बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान टेम्बा बावुमा 3 रन और डेविड बेडिंगहम 8 रन बनाकर नाबाद लौटे। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने दो विकेट चटकाए, जबकि कप्तान पैट कमिंस और जॉश हेज़लवुड ने एक-एक विकेट लिया।

ऑस्ट्रेलिया की पारी भी रही फीकी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। कगिसो रबाडा और मार्को यानसन ने पहले ही झटकों से ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ला दिया। हालांकि, व्यू वेब्स्टर ने 72 और स्टीव स्मिथ ने 66 रनों की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम 56.4 ओवर में 212 रन तक पहुंच सकी।

इन दोनों को छोड़ बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नज़र आए। उस्मान ख्वाजा 20 गेंदें खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके, जबकि एलेक्स कैरी ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 5 विकेट लिए, मार्को यानसन को 3 सफलता मिली और केशव महाराज व एडन मार्करम ने 1-1 विकेट लिया।

Related posts

पंजाब किंग्स की शानदार जीत, मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया; डिकॉक का शतक गया बेकार

IPL 2026 Orange Cap Update: विराट कोहली ने ली बढ़त, RCB की जीत के बाद रजत पाटीदार भी रेस में; पर्पल कैप की स्थिति जानें

RCB vs LSG IPL 2026: बेंगलुरु और लखनऊ के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला, जानें कौन मार सकता है बाजी