DELHI NEWS : देश की राजधानी दिल्ली में 7 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। आने वाले दिनों में यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। इसी तरह, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला फिलहाल थम गया है और मौसम विभाग ने जल्द ही क्षेत्र में मौसम के बदलाव की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में मौसम अब गर्म और शुष्क बना रह सकता है। आज यानी शनिवार, 7 जून को दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
वहीं, कल यानी 8 जून को राजधानी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 9 जून को यह बढ़कर 41 डिग्री, जबकि 10 और 11 जून को क्रमशः 42 और 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 11 जून तक नमी का स्तर बढ़कर 45 फीसदी तक हो सकता है, जिससे तेज गर्मी के साथ-साथ उमस भी लोगों को खासा परेशान कर सकती है।
उत्तर प्रदेश में फिर लौटेगी भीषण गर्मी
हाल ही में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में पछुआ हवाएं फिर से सक्रिय होंगी, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में राज्य का तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आज से लेकर 10 जून तक उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ और सूखा रहने की संभावना है।
बिहार में भी चढ़ेगा पारा
बिहार में तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला अब थमने वाला है। हालांकि आज राज्य के पूर्वोत्तर जिलों – सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार – में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में बिहार में गर्मी तेज हो सकती है और दिन-रात के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
पहाड़ों में बारिश और तेज हवाएं
राजस्थान में भी अगले कुछ दिन मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। खासकर उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र में 8 से 10 जून के बीच अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ इलाकों में लू चलने की भी आशंका है।
वहीं, पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।