DELHI NEWS : दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल सेवा के 15 जून के बाद शुरू होने की संभावना है। इस 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर निर्माण कार्य लगभग समाप्त हो चुका है। हाल ही में एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक ने इस परियोजना का निरीक्षण किया।
दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन सेवा के 15 जून के बाद शुरू होने की संभावना है। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 82 किलोमीटर लंबे इस रैपिड रेल कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रियों को सराय काले खां से मोदीपुरम तक आसान और तेज सफर का लाभ मिलेगा। यह पूरा सफर केवल 45 मिनट में तय किया जा सकेगा।
इस कॉरिडोर के 82 किलोमीटर में से 55 किलोमीटर का हिस्सा पहले ही चालू हो चुका है, जबकि बाकी 27 किलोमीटर पर कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अतिरिक्त, सराय काले खां से जंगपुरा तक रूट के विस्तार का काम अभी जारी है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने हाल ही में परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने मेरठ के शताब्दीनगर से मोदीपुरम के बीच निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सेवा को तय समय के बाद शुरू किया जा सके।
एनसीआरटीसी अनुसार, सराय काले खां से मोदीपुरम तक के निर्माण कार्य का मुख्य काम पूरा हो चुका है और फिलहाल केवल फिनिशिंग का अंतिम चरण शेष है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो पर ट्रायल राइड्स जारी हैं। एनसीआरटीसी के एमडी शलभ गोयल ने शनिवार को रैपिड रेल परियोजना के नमो भारत कॉरिडोर के शताब्दीनगर से मोदीपुरम तक के अंतिम खंड का निरीक्षण किया, जिसमें उनके साथ एनसीआरटीसी के निदेशक व वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
हाल ही में शताब्दीनगर–मोदीपुरम रूट पर हो रहे ट्रायल के दौरान फिनिशिंग का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। एमडी ने साइट पर जाकर निर्माण एजेंसी से बातचीत की और काम की रफ्तार व गुणवत्ता से संतोष जताया, साथ ही निश्चित किया कि जल्द ही परिचालन आरंभ किया जाएगा।
इस कॉरिडोर का पहला चरण 21 अक्टूबर 2023 को 17 किलोमीटर तक पूरा होते ही चालू हुआ था, जिसके बाद विस्तार जारी रहा। दिल्ली में साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक का खंड 5 जनवरी 2025 को उद्घाटन के साथ जोड़ा गया था।