प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 अक्टूबर को युवाओं के विकास के लिए 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न प्रमुख योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, यह पहल शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता को मजबूत कर भारत के युवाओं के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।
इस योजना के तहत पीएम मोदी केंद्र प्रायोजित पीएम-सेतु योजना की शुरुआत करेंगे, जिसका बजट 60,000 करोड़ रुपये है। पीएम-सेतु योजना के तहत देश के 1,000 सरकारी आईटीआई (इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट) को ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल पर उन्नत किया जाएगा। इसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे। यह मॉडल एक केंद्रीकृत प्रणाली है, जहां प्रत्येक हब औसतन चार स्पोक आईटीआई से जुड़ा होगा, जिससे आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, डिजिटल शिक्षा और इनक्यूबेशन सेंटर प्रदान किए जाएंगे।
पीएमओ ने बताया कि इस योजना के तहत उद्योग साझेदारों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण को उद्योग की मांग के अनुरूप तैयार किया जाएगा। हब केंद्रों में नवाचार केंद्र, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण, उत्पादन इकाइयां और प्लेसमेंट सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, पीएम मोदी 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 नवोदय विद्यालयों तथा 200 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी करेंगे। ये प्रयोगशालाएं छात्रों को आईटी, ऑटोमोटिव, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन समेत 12 उच्च मांग वाले क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगी।
also read: अमित शाह का हरियाणा दौरा: देश की सबसे बड़ी डेयरी का उद्घाटन और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
विशेष रूप से बिहार में पीएम मोदी ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ का भी शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत लगभग पांच लाख स्नातकों को 2 वर्षों तक मासिक 1,000 रुपये भत्ता और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही बिहार में ‘बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड’ योजना भी शुरू होगी, जिसके तहत चार लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त शिक्षा ऋण प्रदान किया जाएगा।
पीएम मोदी बिहार युवा आयोग का भी औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जो 18 से 45 वर्ष के युवाओं के लिए एक वैधानिक मंच होगा। बिहार में यह कदम युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय और बिहार के चार प्रमुख विश्वविद्यालयों में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-यूएसएचए) के तहत नई शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
एनआईटी पटना के बिहटा परिसर को भी प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और लगभग 6,500 छात्रों की पढ़ाई की क्षमता रखता है।
इस अवसर पर, पीएम मोदी बिहार सरकार में नवनियुक्त 4,000 से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे और मुख्यमंत्री बालक/बालिका छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 9 और 10 के 25 लाख छात्रों को 450 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।