झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में हरियाणा के खिलाफ शानदार शतक जमाकर इतिहास रच दिया। ईशान ने सिर्फ 49 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इस प्रदर्शन के साथ वह पहले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने SMAT के फाइनल में शतक लगाया।
फाइनल में खेल का सार
हरियाणा के कप्तान अंकित कुमार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही, ओपनर विराट सिंह पहले ही ओवर में 2 रन पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने शानदार 177 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी।
ईशान किशन ने 24 गेंदों में हाफ सेंचुरी पूरी की और 14वें ओवर में छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। हालांकि 15वें ओवर में सुमित कुमार ने उन्हें बोल्ड किया, लेकिन इससे पहले ईशान ने इतिहास रच दिया।
also read: आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने क्विंटन डिकॉक…
ईशान किशन के रिकॉर्ड
ईशान किशन न केवल फाइनल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने, बल्कि वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में 500 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने 10 पारियों में 517 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी सबसे बड़ी पारी नाबाद 113 रन की रही, जो उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ खेली थी।
झारखंड का स्कोर और मैच की स्थिति
झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 262 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। खबर लिखे जाने तक हरियाणा ने 4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 35 रन बनाए थे।
ईशान किशन की धमाकेदार पारी और कप्तानी ने झारखंड को फाइनल में मजबूत स्थिति में रखा है और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह पारी लंबे समय तक यादगार रहेगी।