आईपीएल 2026 का 48वां मुकाबला आज दिल्ली कैपिटल्स (DC) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या एमएस धोनी आज मैदान पर वापसी करेंगे?
फैंस की उम्मीदें और धोनी की वापसी का इंतजार
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन में अब तक 9 लीग मैच खेल लिए हैं, लेकिन एमएस धोनी अभी तक किसी भी मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने हैं। फैंस लगातार उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। खास बात यह है कि धोनी नेट्स में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए हैं, जिससे उनकी वापसी को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
also read: MI vs LSG: रोहित शर्मा की धमाकेदार वापसी से मुंबई इंडियंस…
CSK कोच का बड़ा बयान
चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने धोनी की वापसी पर स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि धोनी की उपलब्धता पर कोई स्पष्ट अपडेट देना मुश्किल है। सिमंस के मुताबिक, “धोनी टीम के साथ दिल्ली नहीं आए हैं। जब वह तैयार होंगे, तभी खेलेंगे। वह खुद जानते हैं कि कब वापसी करनी है।” इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि आज के मुकाबले में धोनी का खेलना लगभग तय नहीं है।
इंजरी के कारण बाहर हैं धोनी
एमएस धोनी इस समय काफ इंजरी से जूझ रहे हैं। सीजन की शुरुआत में 28 मार्च को फ्रेंचाइजी ने बताया था कि वह लगभग दो हफ्तों तक बाहर रह सकते हैं। हालांकि अब एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन उनकी वापसी अभी तक नहीं हो पाई है। फ्रेंचाइजी की ओर से भी धोनी की फिटनेस को लेकर कोई नया अपडेट जारी नहीं किया गया है, जिससे फैंस की चिंता और बढ़ गई है।