महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और सीएम योगी ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अहिंसा और मानवता के संदेश को याद किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि आज 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य प्रमुख नेताओं ने गांधी जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। 1948 में उनकी हत्या कर दी गई थी, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी को याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो आज आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प का आधार स्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है।
अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः।
अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥ pic.twitter.com/DOkI98wdYu
— Narendra Modi (@narendramodi) January 30, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा को प्राथमिकता दी। उनके विचारों में वह शक्ति है, जो बिना किसी हथियार के दुनिया को बदल सकती है।
also read: EU के साथ FTA: मोदी सरकार ने किसानों का रखा ध्यान, किन…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बापू ने भाषा, क्षेत्र और जाति की दीवारों को तोड़कर देश को एकता की दिशा में अग्रसर किया। उन्होंने स्वदेशी, स्वाधीनता और स्वच्छता के माध्यम से गौरवशाली भारत की कल्पना की, और उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं।
सीएम योगी ने किया बापू को याद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि गांधी जी के आदर्शों को अपनाकर हम समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।