मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में कुशाल सिंह के 350वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कुशाल सिंह के बलिदान और गुरु तेग बहादुर के संघर्ष को याद करते हुए आगामी कुरुक्षेत्र कार्यक्रम की जानकारी दी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत के राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वीर कुशाल सिंह की शहादत को सम्मानित करना था, जिन्होंने गुरु तेग बहादुर के शीश की रक्षा करते हुए शहादत दी थी। यह बलिदान हरियाणा की शान और पहचान बन चुका है।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक महिपाल ढांडा, और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने कुशाल सिंह के बलिदान और साहस को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
also read: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिए सख्त निर्देश, 19…
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु तेग बहादुर के बलिदान की चर्चा करते समय हमेशा कुशाल सिंह का नाम गर्व से लिया जाता है, जिन्होंने धर्म और देश की रक्षा के लिए अपना प्राणों की आहुति दी। उन्होंने यह भी बताया कि कुशाल सिंह के जीवन पर बनी फिल्म का उद्देश्य उनकी वीरता और बलिदान के बारे में नई पीढ़ी को जागरूक करना है। मुख्यमंत्री ने मुग़ल शासन के दौरान धर्म परिवर्तन के विरोध में गुरु तेग बहादुर की निरंतर संघर्ष और कुशाल सिंह की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
नायब सिंह सैनी ने कहा, “जब भी मानवता पर संकट आता है, हरियाणा का जवान हमेशा बलिदान देने से पीछे नहीं हटता। यह बलिदान केवल धर्म के लिए नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा और राष्ट्रीय चेतना के लिए था।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उपस्थित होंगे। इस अवसर पर हिंद की चादर कार्यक्रम के तहत निकाली गई चार यात्राओं का समापन भी कुरुक्षेत्र में ही किया जाएगा।