दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र की शर्मा कॉलोनी और मुबारकपुर में लंबे समय से जलजमाव और सीवेज के कारण लोगों को जीवनयापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आजतक की रिपोर्ट के बाद दिल्ली सरकार ने इस गंभीर समस्या पर तुरंत एक्शन लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा ने स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया है कि जलभराव और गंदगी की समस्या को जड़ से समाप्त किया जाएगा।
सरकार का कड़ा कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शर्मा कॉलोनी अब गंदगी और जलजमाव की नहर नहीं रहेगी। यहां छठ घाट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह मेरा और प्रवेश वर्मा का बचपन का इलाका है, इसे गंदगी में डूबने नहीं देंगे।” उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि 2014 में यह क्षेत्र सूखा था, लेकिन पिछले वर्षों में लापरवाही के कारण जलभराव की समस्या बढ़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले एक साल में क्षेत्र में जलजमाव की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी और सीवर लाइन का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
also read: यमुना पुनर्जीवन मिशन: दिल्ली सरकार ने तैयार किया मिशन-मोड…
471 करोड़ का मास्टर प्लान
किराड़ी और आसपास के क्षेत्रों में स्थायी राहत के लिए दिल्ली सरकार ने ₹471 करोड़ की योजना तैयार की है। इसके तहत दो प्रमुख ट्रंक ड्रेन विकसित की जा रही हैं:
-
किराड़ी-मुंडका हॉल्ट ड्रेन: 4.5 किमी लंबी, ₹220.93 करोड़ की लागत।
-
किराड़ी-रिठाला ट्रंक ड्रेन: 7.2 किमी लंबी, ₹250.21 करोड़ की लागत और 1,160 क्यूसेक क्षमता।
इस योजना से इलाके में जलजमाव और गंदे पानी की समस्या पूरी तरह खत्म होगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार के इस कदम से उन्हें लंबे समय से परेशान करने वाली समस्या से मुक्ति मिलेगी।